बिहार विधानसभा चुनाव का प्रचार आखिरी दौर में पहुँच चुका है। इस बार का चुनाव दिलचस्प नजर आ रहा है। जहाँ INDI गठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव और उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव अब आमने-सामने आ गए हैं। तेज प्रताप यादव ने भाई तेजस्वी यादव के गढ़ राघोपुर विधानसभा में चुनावी रैली की। तेज प्रताप यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “चुनावी रैली करने दीजिए… अभी बच्चा है वो… चुनाव के बाद झुनझुना पकड़ाएँगे।”
दरअसल, तेज प्रताप यादव अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल के राघोपुर से उम्मीदवार के लिए प्रचार करने पहुँचे। इस दौरान तेज प्रताप यादव ने भाई तेजस्वी पर तीखा हमला बोला है और चुनावी मैदान में चुनौती दे डाली है। तेज प्रताप ने कहा,”जनता सबसे बड़ी होती है, पार्टी बाद में आती है। तेजस्वी अभी बच्चे हैं, भगवान उन्हें सदबुद्धि दे।”
इससे पहले तेजस्वी यादव ने भी तेज प्रताप यादव की सीट महुआ में चुनावी रैली की थी। इस पर राघोपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी यादव पर पलटवार किया।
तेज प्रताप यादव ने कहा, “आपके विधायक ने कोई काम नहीं किया। हम बाढ़ पीड़ितों के बीच जाकर राहत बाँटे जबकि तेजस्वी सिर्फ जनता को भरमाते और लूटते हैं।” उन्होंने यह भी कहा, “कुछ जयचंद लोग मेरे पीछे लग गए और मुझे पार्टी से बाहर करवाया। उन्हें पता चल गया कि बिहार में दूसरा लालू यादव पैदा हो गया है।”
बता दें कि यादव परिवार की सीट कहे जाने वाली सीट में अब तेजस्वी बनाम तेज प्रताप यादव दिखाई दे रहा है। हालाँकि, राघोपुर में काफी दौर से राजनीति यादव मतदाताओं के समर्थन में है और लंबे समय से मतदाता तेजस्वी यादव के पक्ष में खड़े रहे हैं। लेकिन बिहार चुनाव 2025 में तेज प्रताप यादव ने अपनी अलग पार्टी बनाकर प्रेम कुमार को उम्मीदवार बनाया है, जो यादव समुदाय से ही आते हैं। इससे तेजस्वी के समर्थकों पर असर पड़ा है, जो चुनाव में बँट सकते हैं।

