अफ्रीकी देश माली में एक बार फिर भारतीय नागरिकों के अपहरण की गंभीर घटना सामने आई है। पश्चिमी माली के कोबरी इलाके में गुरुवार (6 नवंबर 2025) को अज्ञात बंदूकधारियों ने एक विद्युतीकरण परियोजना पर काम कर रहे पाँच भारतीय श्रमिकों को अगवा कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, जिस कंपनी के लिए ये श्रमिक काम करते थे, उसके प्रतिनिधि ने अपहरण की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद, अन्य सभी भारतीय कर्मचारियों को तुरंत राजधानी बमाको में सुरक्षित स्थानों पर पहुँचा दिया गया है।
अल-कायदा और ISIS के आतंकियों पर संदेह
हालाँकि, अभी तक किसी भी संगठन ने इस अपहरण की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन इसके पीछे अल-कायदा और ISIS से जुड़े आतंकवादी समूहों का हाथ होने का शक जताया जा रहा है। गौरतलब है कि इसी साल जुलाई में भी तीन भारतीय नागरिकों का माली में अपहरण हुआ था। उस समय अल-कायदा से जुड़े आतंकी संगठन जमात नुसरत अल-इस्लाम वल-मुसलमीन (JNIM) ने जिम्मेदारी ली थी।
माली पिछले एक दशक से तख्तापलट और खतरनाक आतंकवाद से जूझ रहा है। यहाँ विदेशी नागरिकों का अपहरण फिरौती के लिए आम हो गया है। साहेल क्षेत्र (जिसमें माली भी शामिल है) को वैश्विक आतंकवाद का केंद्र माना जाता है, जहाँ दुनिया में आतंकवाद से होने वाली आधी से अधिक मौतें होती हैं।
सरकारी आँकड़ों के अनुसार, इस समय लगभग 400 भारतीय नागरिक माली में काम कर रहे हैं, जो ज्यादातर कंस्ट्रक्शन और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं से जुड़े हैं।

