असम में रिटायर्ड प्रिंसिपल नजूरुल इस्लाम गिरफ्तार, दिल्ली ब्लास्ट पर लिखा था- ‘चुनाव आ रहा है’: CM हिमंता ने दी थी कार्रवाई की चेतावनी

असम के कछार जिले में पुलिस ने एक रिटायर्ड स्कूल प्रिंसिपल को हिरासत में ले लिया। आरोपित की पहचान नजूरुल इस्लाम बरभुईया के रूप में हुई है, जो दुर्गापुर के रोंगपुर इलाके का रहने वाला है। नजूरुल इस्लाम बरभुईया ने दिल्ली लाल किला कार बम ब्लास्ट के बारे में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी और उसे राजनीति से जोड़ा था।

असम ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, गिरफ्तार बरभुईया बांसकांडी एनएमएचएस स्कूल के पूर्व प्रिंसिपल है। नजूरुल इस्लाम बरभुईया ने फेसबुक पर ब्लास्ट की खबर पर कमेंट करते हुए लिखा, ‘चुनाव आ रहा है’, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगा।

कछार के एसएसपी पार्था प्रतीम दास ने कहा, “कमेंट की प्रकृति राष्ट्रीय चिंता के मुद्दे को अनावश्यक राजनीतिकरण का प्रयास दर्शाती है। हम इरादे और परिस्थितियों की जाँच कर रहे हैं।” पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल के जरिए पोस्ट फ्लैग की और मंगलवार (11 नवंबर 2025) की दोपहर बरभुईया को सिलचर सदर थाने ले जाकर पूछताछ की।

यह गिरफ्तारी मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के निर्देश के कुछ घंटों बाद हुई, जिन्होंने प्रेस से कहा, “दिल्ली ब्लास्ट के बाद फेसबुक पर कुछ लोगों ने हमले का समर्थन करने वाले इमोजी और मैसेज पोस्ट किए। यह आतंकवाद को बढ़ावा देना है। हम उनकी पहचान कर रहे हैं और अगर असम के हैं तो गिरफ्तार करेंगे।”

सरमा ने डीजीपी को सभी ऐसे अकाउंट्स की जाँच और कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने चेतावनी दी कि आतंकी घटनाओं का महिमामंडन करने वालों पर सख्त एक्शन होगा।

फिलहाल, पुलिस बरभुईया से ब्लास्ट पोस्ट पर उनके कमेंट के मकसद की पूछताछ कर रही है।