आतंकी डॉक्टर शाहीना के भाई परवेज अंसारी के घर UPATS की छापेमारी, सीक्रेट डिवाइस-हथियार और आधा दर्जन की-पैड मोबाइल बरामद

दिल्ली ब्लास्ट की जाँच के सिलसिले में उत्तर प्रदेश के लखनऊ में डॉक्टर परवेज अंसारी के घर एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने छापेमारी की है। परवेज के घर से 6 की-पैड मोबाइल और इंटरनेशनल सिम बरामद किए गए हैं। इनका इस्तेमाल भारत से बाहर के लोगों से संपर्क के लिए किया जा रहा था इसके अलावा ATS को सीक्रेट डिवाइस और हथियार भी मिले हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परवेज अंसारी लखनऊ से पकड़ी गई आतंकी संगठन से जुड़ी डॉ. शाहीन का सगा भाई है। डॉ. शाहीन के अब्बू ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि उनके तीन बच्चें हैं, बड़ा बेटा शोएब, दूसरी शाहीन और तीसरा परवेज अंसारी। उन्होंने बताया कि परवेज से हर हफ्ते बात होती है।

बता दें कि परवेज अंसारी को मंगलवार (11 नवंबर 2025) को UPATS ने गिरफ्तार किया था। उसका दिल्ली ब्लास्ट से कनेक्शन हो सकता है। वह फरीदाबाद से गिरफ्तार आतंकी डॉ. मुजम्मिल के दोस्त डॉ. आदिल अहमद का करीबी हो सकता है क्योंकि डॉ. आदिल भी सहारनपुर का रहने वाला है, जहाँ से परवेज को गिरफ्तार किया गया था।