‘अगर गड़बड़ी हुई तो बिहार की सड़कों पर नेपाल जैसा नजारा दिखेगा’: RJD नेता की धमकी, लोगों को दिखा जंगलराज का डर

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों से पहले आरजेडी नेता सुनील सिंह ने मतगणना में गड़बड़ी होने पर ‘नेपाल जैसा नजारा’ दिखाने की चेतावनी देकर विवाद खड़ा कर दिया है।

बिहार में 14 नवंबर 2025 को विधानसभा चुनावों की मतगणना होनी है, लेकिन उससे पहले ही राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। RJD नेता सुनील कुमार सिंह ने कहा कि अगर इस बार मतगणना में किसी तरह की धांधली या गड़बड़ी हुई तो बिहार की सड़कों पर नेपाल जैसा नजारा देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनता ने नीतीश कुमार और बीजेपी को पूरी तरह नकार दिया है और अब तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है।

सुनील सिंह ने 2020 के चुनावों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि तब कई सीटों पर मतगणना को प्रभावित किया गया था। उनके इस बयान पर NDA नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार ने इसे सीधी धमकी बताया और कहा कि RJD को पहले से ही हार का अंदेशा है, इसलिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था बनी रहेगी और किसी को भी अराजकता फैलाने नहीं दिया जाएगा।