भोपाल मॉडल की मौत में ‘लव जिहाद’ का एंगल, खुशबू की हिजाब-बुर्के वाली तस्वीर मिली: कासिम ने ‘राहुल’ बनकर की थी दोस्ती, गिरफ्तार

भोपाल में मॉडल खुशबू अहिरवार की संदिग्ध मौत के मामले में एक चौंकाने वाला मोड़ आया है। पुलिस ने उसके बॉयफ्रेंड कासिम अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। कासिम पर खुशबू के परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि कासिम ने पहले खुद को ‘राहुल’ बताया और दोस्ती की थी। सच्चाई पता चलने पर वह खुशबू पर धर्म परिवर्तन और शादी के लिए दबाव बनाने लगा। मना करने पर मारपीट करता था।

फ्लैट से मिला हिजाब और बुर्के वाला आधार कार्ड

खुशबू और कासिम जिस फ्लैट में लिव-इन में रहते थे, पुलिस ने वहाँ तलाशी ली। तलाशी के दौरान कई चौंकाने वाली चीजें मिली हैं। खुशबू के बैग से हिजाब मिला है। खुशबू का जो आधार कार्ड मिला, उसमें उसकी तस्वीर बुर्के में लगी हुई थी। परिवार का कहना है कि कासिम ने ही आधार कार्ड पर बुर्के वाली तस्वीर लगवाई थी।

जबरदस्ती धर्म परिवर्तन और शादी का दबाव

जानकारी के अनुसार, खुशबू की बहन तारा बाई ने पुलिस को बताया कि खुशबू 2022 में पढ़ाई और मॉडलिंग के लिए भोपाल आई थी। यहीं उसकी दोस्ती ‘राहुल’ नाम के लड़के से हुई, जो बाद में कासिम अहमद निकला।

तारा ने बताया कि जब खुशबू ने दिवाली पर घर आकर बताया कि कासिम उस पर जबरदस्ती धर्मांतरण और निकाह करने का दबाव बना रहा है और मारपीट भी करता है। तारा ने यह भी आरोप लगाया कि 8 नवंबर की रात खुशबू ने उन्हें कॉल कर बताया कि कासिम उसे जबरदस्ती उज्जैन ले जा रहा है। इसी के बाद कॉल कट गया। अगली शाम 9 नवंबर को खुशबू की मौत की खबर आई। परिवार ने हमीदिया अस्पताल पहुँचकर शव देखा।

कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज

खुशबू के परिवार के आरोपों के आधार पर पुलिस ने कासिम पर धमकी देने, मारपीट करने, धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने और SC/ST एक्ट की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल कासिम से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि मौत की असल वजह का पता चल सके।