सनातन एकता पदयात्रा में बिगड़ी धीरेंद्र शास्त्री की तबीयत, सड़क पर लेटे: डॉक्टरों ने बताया- फेफड़ों में धूल जमी, राजा भैया बोले-हिंदू एकता ही समाधान

मथुरा में जारी सनातन एकता पदयात्रा के आठवें दिन शुक्रवार (14 नवंबर 2025) को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। यात्रा के दौरान वह चलते-चलते सड़क पर लेट गए।

उन्हें सांस लेने में परेशानी, तेज बुखार और फेफड़ों में धूल जमने की शिकायत बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार उनका तापमान 100 फारेनहाइट तक पहुँच गया है, लेकिन वह दवा लेने से इनकार कर रहे हैं। डॉक्टरों ने उन्हें मास्क लगाने की सलाह भी दी, जिसे उन्होंने मानने से मना कर दिया।

पदयात्रा का 16 किलोमीटर लंबा मार्ग निर्धारित है, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। इसी दौरान यूपी के विधायक रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ भी यात्रा में जुड़े। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री की तबीयत बिगड़ने की वजह नंगे पैर चलना बताया और कहा कि बाबा का संदेश हिंदू समाज की एकता पर केंद्रित है। यात्रा में महाकुंभ से वायरल हुईं हर्षा रिछारिया भी पहुँचीं।

दिल्ली ब्लास्ट की घटना के बाद धीरेंद्र शास्त्री की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यात्रा के दौरान शास्त्री ने बयान दिया कि पढ़े-लिखे लोग भी आतंकी गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं, जो शिक्षा के नाम पर दी जा रही गलत मान्यताओं का नतीजा है।