लाल किला ब्लास्ट से जुड़े आतंकी मॉड्यूल में नाम सामने के बाद हरियाणा के फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी के खिलाफ दिल्ली में 2 FIR दर्ज की गई हैं। यूनिवर्सिटी के खिलाफ पहला केस नियम तोड़ने से जुड़ा है। वहीं, एक अन्य केस यूनिवर्सिटी द्वारा गलत तरीके से मान्यता लेने के दावों से जुड़ा हुआ है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने की है। यह कार्रवाई यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) और नेशनल एसेसमेंट ऐंड एक्रेडिटेशन काउंसिल (NAAC) की शिकायत के बाद हुई है। इससे पहले पुलिस की टीम ओखला स्थित यूनिवर्सिटी के दफ्तर पहुँची थी और यूनिवर्सिटी को नोटिस देकर कुछ डॉक्यूमेंट्स भी माँगे गए हैं।
The Delhi Crime Branch has filed two separate FIRs against Al-Falah University, one for cheating and the second under sections of forgery. Today, a team from the Delhi Crime Branch visited the Al Falah University office in Okhla. The Delhi Police has issued a notice to the…
— ANI (@ANI) November 15, 2025
FIR के अलावा, दिल्ली पुलिस ने यूनिवर्सिटी के दो डॉक्टरों समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, ये दोनों डॉक्टर उस कार को चलाने वाले डॉ. उमर नबी के परिचित थे, जिसमें विस्फोट हुआ था। ये गिरफ्तारियाँ शुक्रवार रात हरियाणा के धौज, नूंह और आसपास के क्षेत्रों में की गई छापेमारियों के दौरान की गईं।
दिल्ली में हुए बम धमाकों और फरीदाबाद में 2900 किलो से ज्यादा विस्फोटक व अन्य हथियार मिलने के बाद सामने आया है कि इस सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल का सीधा संबंध अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़ा हुआ है। मामले के उजागर होते ही अब यूनिवर्सिटी के बैंक खातों और फंडिंग की जाँच भी जल्द शुरू होगी। ईडी और आर्थिक अपराध शाखा इन खातों तथा उनमें आने वाली फंडिंग के स्रोतों की जाँच करेंगी।

