लाल किला ब्लास्ट से पहले 1300+ CCTV कैमरों में दिखा उमर नबी, नूहँ से दिल्ली तक IED लेकर घूमता रहा आतंकी: इंडिया गेट-कर्तव्य पथ-लोधी रोड जैसे संवेदनशील इलाकों से गुजरी i-20 कार

लाल किला के पास हुए धमाके की जाँच में बड़ी जानकारी सामने आई है। जाँच एजेंसियों ने दिल्ली-NCR के 1,300 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपित उमर मोहम्मद की पूरी ‘इलेक्ट्रॉनिक रूट मैपिंग’ तैयार कर ली है। उमर 29 अक्टूबर से अपनी i-20 कार में घूमता रहा और 10 नवंबर की सुबह दिल्ली पहुँचा, धमाके से कुछ घंटे पहले।

जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी में मेडिसिन का प्रोफेसर उमर 29 अक्टूबर की शाम कार को कैंपस में लाया। अगले दिन उसने कार में मरम्मत करवाई और फिर नूहँ चला गया। जाँच में पता चला है कि वह एक हफ्ते तक किराए के कमरे में छिपा रहा और तुर्की व अफगानिस्तान से भेजे गए DIY वीडियो देखकर IED तैयार करता रहा।

9 नवंबर 2025 की रात उसकी कार दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दिखाई दी। 10 नवंबर 2025 की सुबह कार दिल्ली में कई संवेदनशील स्थानों जैसे- इंडिया गेट, कर्तव्य पथ, लोधी रोड, सफदरजंग अस्पताल के पास घूमती नजर आई। दोपहर में उमर कॉनॉट प्लेस, बाराखंबा रोड और रामलीला मैदान के पास भी दिखा।

3:29 बजे उसने कार को लाल किला पार्किंग में खड़ा किया और 6:50 बजे वही कार उस जगह पहुँची जहाँ धमाका किया गया।