जम्मू में अंग्रेजी अखबार ‘कश्मीर टाइम्स’ के ऑफिस में गुरुवार (20 नवंबर 2025) को राज्य जाँच एजेंसी (SIA) ने छापेमारी की। छापेमारी में ऑफिस से AK-47 के 14 कारतूस, कुछ पिस्टल राउंड और तीन ग्रेनेड लीवर बरामद किए गए हैं। फिलहाल छापेमारी जारी है।
बात दें कि ‘कश्मीर टाइम्स’ पर देश की संप्रभुता के खिलाफ हानिकारक लेख छापने का आरोप है। इसी मामले में SIA संस्थान के जम्मू दफ्तर में छापेमारी करने पहुँची है। SIA की टीम ने जम्मू के रेजिडेंसी रोड स्थित दफ्तर में दस्तावेजों और कंप्यूटरों की गहन तलाशी ली। इस मामले में पहले ही कश्मीर टाइम्स और इसके प्रमोटरों के खिलाफ FIR दर्ज की जा चुकी है।
गौरतलब है कि अक्टूबर 2020 में श्रीनगर प्रेस एन्क्लेव में स्थित कश्मीर टाइम्स का दफ़्तर प्रशासन ने सील कर दिया था। छापे के बाद कश्मीर टाइम्स ने एक बयान जारी कर कहा कि यह कार्रवाई उन्हें चुप कराने की एक और कोशिश है। उनका कहना है, “हमें इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि हम अब भी स्वतंत्र और आलोचनात्मक पत्रकारिता करते हैं। हम कुछ गिने-चुने मीडिया संस्थानों में से हैं जो सत्ता से सवाल पूछने की हिम्मत रखते हैं। लगाए गए आरोप हमें डराने और बदनाम करने की कोशिश हैं, लेकिन हम चुप नहीं रहेंगे।”
इस मामले पर उपमुख्यमंत्री सुरिंदर सिंह चौधरी ने कहा कि कार्रवाई तभी होनी चाहिए जब कोई गलती साबित हो सिर्फ दबाव बनाने के लिए नहीं। उन्होंने कहा, “अगर कुछ गलत किया है तो कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन केवल दबाव बनाने के लिए ऐसा करना गलत होगा।”

