‘ABVP से जुड़ी तो परीक्षा में फेल कर दूँगा’: असम में कॉलेज प्रोफेसर शाहजहाँ ने छात्रा को किया टॉर्चर, मानसिक उत्पीड़न से तंग पीड़िता ने की शिकायत

असम के धुबरी स्थित भोला नाथ कॉलेज की एक हिंदू छात्रा ने अपने विभागाध्यक्ष (HOD) शाहजहाँ पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्रा का नाम परिनिता रॉय है। मंगलवार (18 नवंबर 2025) को मीडिया से बात करते हुए परिनिता ने बताया कि HOD ने उसे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़ने के लिए भी रोका।

परिनिता के मुताबिक, प्रोफेसर शाहजहाँ ने ABVP को ‘फालतू संगठन’ कहकर उसका अपमान किया और उसे छात्र राजनीति से दूर रहने की धमकी दी। प्रोफेसर ने परिनिता की साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि का मजाक भी उड़ाया और यहाँ तक कह दिया कि अगर वह उनकी बात नहीं मानेगी तो उसे परीक्षा में फेल कर देंगे।

प्रोफेसर ने परिनिता को परीक्षा में फेल करने की भी धमकी दी। साथ ही बिना किसू सबूत के यह भी आरोप लगाया कि वह अपने सहपाठियों की उपस्थिति बढ़ा रही है। परिनिता रॉय ने इस पूरे मामले की शिकायत कॉलेज के प्रिंसिपल से की है। उसका कहना है कि अगर कॉलेज प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो वह पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगी।