दरअसल कार्यक्रम में 5000 लोगों के उपस्थित होने की इजाजत माँगी गई थी, लेकिन एक दिन पहले ही काफी लोग जमा हो चुके थे। जिला प्रशासन को जानकारी मिली कि इसमें 25000 लोग शामिल हो सकते हैं। अलग-अलग जिलों से हजारों लोग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गोरखपुर आ रहे थे। कार्यक्रम के आयोजक दावते-ए इस्लामी के मंडल अध्यक्ष फरहान अत्तारी थे।
आयोजकों ने व्यवस्था भी ज्यादा की थी। बड़े-बड़े टेंट लगाए गए थे। खाने-पीने का प्रबंध बहुत बड़े स्तर पर किया गया था। तैयारी को देखते हुए ऐसा लग रहा था कि आयोजकों को भी 5000 से ज्यादा लोगों के आने का अनुमान था, लेकिन इनलोगों ने 5000 लोगों के आने की अनुमति माँगी थी।
ऐसे में कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम रद्द करने की सूचना प्रशासन ने आयोजकों को दी।
आदेश मिलने के बाद संस्था ने कार्यक्रम रद्द कर दिया। कार्यक्रम की तैयारी काफी दिनों पहले से चल रही थी। आयोजकों ने कार्यक्रम रद्द किए जाने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि ज्यादातर मेहमान आ चुके थे। गोरखपुर के आस पास के क्षेत्रों मसलन सिद्धार्थनगर, गोंडा, बस्ती, कुशीनगर, बहराइच से बड़ी संख्या में लोग पहुँच चुके थे। कार्यक्रम के दिन 40 से ज्यादा बसों के आने की संभावना थी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के आने की खबर के बाद एसडीएम सदर ने सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम को रद्द करने का आदेश दिया।

