असम के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग की मौत अब एक हत्या का मामला बन गई है। यह बड़ा खुलासा मंगलवार (25 नवंबर 2025) को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने विधानसभा में किया।
CM हिमंता ने कहा कि असम में विपक्ष के बेहूदा बयानों को सुनकर ऐसा लगता है कि अपनी राजनीतिक रोटियाँ सेकने के चक्कर में ये लोग ज़ुबिन गर्ग के हत्यारों की ही वकालत कर रहे हैं। इनकी निगाहें कहीं और हैं और निशाने कहीं और।
जानकारी के अनुसार, जुबीन गर्ग का निधन 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय हुआ था। मुख्यमंत्री ने बताया कि मामले की जाँच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने अब इस केस में हत्या की धारा (BNS सेक्शन 103) जोड़ दी है।
सीएम सरमा ने कहा कि शुरुआती जाँच में यह गैर-इरादतन हत्या नहीं, बल्कि सोची-समझी हत्या लगी। SIT ने अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया है और 252 गवाहों से पूछताछ की है। उन्होंने दावा किया कि आरोपितों में से एक ने जुबीन गर्ग की हत्या की, और बाकी ने उसकी मदद की थी।
इस मामले में चार से पाँच लोगों पर केस दर्ज किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि दिसंबर में एक मजबूत चार्जशीट दाखिल की जाएगी और हत्या के पीछे का मकसद जानकर राज्य के लोग हैरान हो जाएँगे।

