घर के बाहर सो रहा था 19 साल का शुभम, चाकू घोंप कर हत्या: गोरखपुर में UP पुलिस की 8 टीम एक्शन में

गोरखपुर के बाँसगाँव इलाके के जयंतीपुर गाँव से गुरुवार सुबह एक ऐसी खबर आई, जिसने पूरे गाँव को हिला दिया। BSc प्रथम वर्ष का 19 साल का छात्र शुभम मिश्रा घर के बाहर सोया हुआ था, तभी किसी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात सुबह करीब पाँच बजे की बताई जा रही है।

घर में शुभम बिल्कुल अकेला था। उसके पिता स्वदेश मिश्रा की सेहत ठीक नहीं चल रही थी, इसलिए बाकी परिवार उन्हें दिखाने के लिए लखनऊ गया हुआ था। सुबह जब लोगों की नजर शुभम पर पड़ी, तो वह खून से लथपथ पड़ा मिला। उसे तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शुभम अपने घर में सबसे छोटा था, परिवार में उसके दो बड़े भाई और एक बहन है। लखनऊ में मौजूद माँ तक जब बेटे की हत्या की खबर पहुँची, तो वहाँ कोहराम मच गया। इसके बाद पूरा परिवार तुरंत गोरखपुर की ओर रवाना हो गया।

बाँसगाँव के जयंतीपुर गाँव में शुभम मिश्रा का घर।

पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर, सुराग तलाशने में जुटी

खबर मिलते ही बाँसगाँव पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुँच गई। आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू हुई कर दी गई है। पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि अभी सबसे बड़ा सवाल यही है कि हमलावर कौन था, और वह शुभम तक पहुँचा कैसे।

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि रात में या सुबह-सुबह किसी संदिग्ध की मौजूदगी का पता चल सके। हत्या की वजह क्या रही, यह अब तक साफ नहीं हो पाया है। पुलिस को शक है कि हमलावर शायद उसकी दिनचर्या और सोने की जगह से पहले से वाकिफ रहा हो।

परिवार का दावा- पहले से खतरा था, सुरक्षा भी हटा ली गई थी

मामले में परिवार का कहना है कि उन्हें पहले से किसी खतरे का अंदेशा था और इसकी जानकारी पुलिस को भी दी गई थी। परिवार के अनुसार वर्ष 2021 में स्वदेश मिश्रा से ₹20 लाख की रंगदारी माँगी गई थी। इस मामले में गैंगस्टर शनि सिंह पर आरोप लगाए गए थे।

इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई थी। परिवार ने बताया कि कुछ समय ये सुरक्षा हटा ली गई थी। अब, पुलिस हत्या के पीछे गैंगस्टर से जुड़े मामले पर भी जाँच कर रही है।