अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने थर्ड वर्ल्ड देशों (जिन्हें ग्लोबल साउथ भी कहा जाता है) से आने वाले प्रवासियों पर कड़ी सख्ती की घोषणा की है। व्हाइट हाउस के पास अफगान मूल के हमलावर रहमानुल्लाह लाकनवाल द्वारा दो नेशनल गार्ड सैनिकों पर गोलीबारी की घटना के बाद ट्रंप ने इमिग्रेशन पॉलिसी में बड़ा बदलाव का ऐलान किया। इस हमले में आर्मी स्पेशलिस्ट सारा बेकस्ट्रॉम की मौत हो गई, जबकि स्टाफ सार्जेंट एंड्रू वोल्फ गंभीर रूप से घायल हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (28 नवंबर 2025) को कहा, “प्रशासन थर्ड वर्ल्ड देशों से आने वाले सभी प्रवासियों पर स्थाई रोक लगाएगा, ताकि अमेरिकी व्यवस्था पूरी तरह बहाल हो सके।”
डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा ?
डोमाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बाइडेन प्रशासन के दौरान हुई लाखों अवैध प्रविष्टियों को रद्द करने और उन विदेशी नागरिकों को देश से निकालने की बात कही, जो “अमेरिका के लिए नेट एसेट नहीं हैं या देश से प्यार नहीं कर सकते।” ट्रंप ने चेतावनी दी कि गैर-नागरिकों को दिए जाने वाले सभी संघीय लाभ समाप्त होंगे और घरेलू शांति बिगाड़ने वालों को डिनैचुरलाइज किया जाएगा।

यह कदम उस घटना के बाद उठाया गया है, जिसमें अफगान नागरिक रहमानुल्लाह लाकनवाल ने व्हाइट हाउस के पास दो नेशनल गार्ड्स पर हमला किया था। लाकनवाल 2021 में तालिबान कब्जे के बाद ऑपरेशन एलाइज वेलकम कार्यक्रम के तहत अमेरिका लाया गया था। ट्रंप ने इस कार्यक्रम की कड़ी आलोचना करते हुए दावा किया कि बाइडेन प्रशासन ने अपर्याप्त स्क्रीनिंग के साथ हजारों अफगानों को देश में घुसने दिया।
ट्रंप ने कहा, “टेक्नोलॉजी में प्रगति के बावजूद, इमिग्रेशन पॉलिसी ने हमारे जीवन की गुणवत्ता को नुकसान पहुँचाया है। केवल रिवर्स माइग्रेशन ही इस स्थिति को ठीक कर सकता है।” उन्होंने थैंक्सगिविंग संदेश में भी प्रवासियों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि अमेरिका को अपराध, हिंसा और अराजकता झेलनी पड़ रही है।
USCIS ने क्या घोषणा की ?
उधर, यूएस सिटिजनशिप एंड इमिग्रेशन सर्विसेज (USCIS) ने घोषणा की कि 19 देशों जिनमें अफगानिस्तान, ईरान, सोमालिया, म्यांमार, क्यूबा और यमन शामिल हैं से आए सभी ग्रीन कार्ड धारकों की दोबारा जाँच की जाएगी। ये वही देश हैं जिन्हें जून 2025 की ट्रंप घोषणा में राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हाई रिस्क बताया गया था।
USCIS निदेशक जोसेफ एडला ने कहा कि नई गाइडलाइन्स तुरंत प्रभाव से लागू होंगी और अधिकारियों को देश-विशेष नकारात्मक कारकों को ध्यान में रखते हुए हर आवेदन का पुनर्मूल्यांकन करने का अधिकार होगा।
उन्होंने कहा कि अमेरिका को पिछले प्रशासन की लापरवाह पुनर्वास नीतियों का खतरा अब और नहीं उठाना चाहिए।ट्रंप ने हमले को पूरे राष्ट्र पर हमला बताते हुए साफ कहा, “अगर वे हमारे देश से प्यार नहीं कर सकते, तो वे यहाँ नहीं रहेंगे।”
ग्रीन कार्ड इंटरव्यू में ही लोगों की गिरफ्तारी
अमेरिका के सैन डिएगो में ग्रीन कार्ड इंटरव्यू के दौरान लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबरों ने कई प्रवासी परिवारों में चिंता बढ़ा दी है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, USCIS (यूएस सिटिजनशिप एंड इमिग्रेशन सर्विसेज) ऑफिस में नियमित इंटरव्यू के लिए पहुँचे लोग जिनमें अमेरिकी नागरिकों के पति-पत्नी भी शामिल हैं, ICE अधिकारियों द्वारा गिरफ्तार किए जा रहे हैं।
इमिग्रेशन वकीलों का कहना है कि हाल ही में एक नई नीति लागू हुई है, जिसके तहत वीजा ओवरस्टे यानी जिन लोगों का वीजा खत्म हो चुका है लेकिन वे देश में रह रहे हैं, उन्हें इंटरव्यू के दौरान ही गिरफ्तार किया जा रहा है।
वकील समन नस्सेरी ने बताया कि सिर्फ पिछले हफ्ते ही उनके पाँच क्लाइंट्स को वहीं से हिरासत में ले लिया गया, जबकि उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड भी नहीं है। दूसरी वकील टेसा काब्रेरा ने बताया कि एक मेक्सिकन नागरिक को इंटरव्यू रूम से सीधे हथकड़ी लगाकर ले जाया गया।
USCIS में हो रही ये गिरफ्तारियाँ अभी सैन डिएगो ऑफिस तक सीमित बताई जा रही हैं, लेकिन लोगों में डर बढ़ रहा है। ICE का कहना है कि वह सिर्फ कानून लागू कर रहा है और जिन लोगों के पास वैध स्टेटस नहीं है, उन्हें USCIS दफ्तरों में भी हिरासत में लिया जा सकता है।

