‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारत ने तबाह कीं पाकिस्तान की 118 चौकियाँ, शिफ्ट करने पड़े 72 आतंकी लॉन्चपैड: BSF ने किया खुलास, कहा- ऑपरेशन सिंदूर 2.0 के लिए तैयार

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान को पड़ी मार को लेकर आए दिन नई-नई जानकारियाँ सामने आती हैं। BSF के जम्मू फ्रंटियर के आईजी शशांक आनंद ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे पाकिस्तान क्षेत्र में 118 अग्रिम चौकियों को तबाह किया, जिससे उनकी मॉनिटरिंग और रक्षा व्यवस्था चरमरा गई।

इसके बाद पाकिस्तान ने मजबूरन 72 से ज्यादा आतंकी लांचपैड्स को अंदर की ओर शिफ्ट किया, जो इस बात का संकेत है कि भारतीय सेना की कार्रवाई ने पाकिस्तान को रणनीतिक रूप से पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

अब भी सक्रिय हैं कई आतंकी ठिकाने

आईजी आनंद के अनुसार, भारतीय सेना ने सियालकोट सेक्टर में तीन मुख्य लांचिंग पैड नष्ट किए थे लेकिन अभी भी चालीस से पचास किलोमीटर अंदरूनी इलाकों में करीब 12 लांचपैड सियालकोट और जफरवाल में सक्रिय हैं, जबकि करीब 60 और लांचपैड डेप्थ एरिया में मौजूद हैं।

इन ठिकानों पर आतंकी गतिविधियों में उतार-चढ़ाव बना रहता है और इन्हें सिर्फ तब सक्रिय किया जाता है जब आतंकियों को सीमा पार भेजने की तैयारी होती है।

भारत ऑपरेशन सिंदूर 2.0 के लिए तैयार

आईजी शशांक आनंद ने साफ कहा कि भारतीय सेना और BSF लगातार खुफिया निगरानी में लगे हैं और पाकिस्तान की हर हलचल पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान या उसके समर्थित आतंकी भविष्य में कोई हरकत करते हैं, तो भारत ऑपरेशन सिंदूर 2.0 शुरू करने में देर नहीं करेगा।

उन्होंने कहा कि सैनिक और अधिकारी हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और किसी भी चुनौती का जवाब पहले से ज्यादा सख्ती और सटीकता से दिया जाएगा।

आईजी आनंद ने कहा, ‘‘अगर हम 1965, 1971, 1999 के कारगिल युद्ध या ऑपरेशन सिंदूर की बात करें तो बीएसएफ को हर तरह के युद्धों का अच्छा अनुभव है, चाहे वह पारंपरिक युद्ध हो या हाइब्रिड युद्ध। हम तैयार हैं।’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर हमें मौका मिले तो हम मई में किए गए नुकसान से भी ज्यादा नुकसान पहुँचाने में सक्षम हैं। जम्मू के इलाके में हमने 118 पाकिस्तानी पोस्ट बर्बाद किए। उनके सर्विलांस इक्विपमेंट को भारी नुकसान पहुँचाया। सरकार जो भी नीति तय करेगी, BSF उसमें अपनी भूमिका निभाएगा।’’