बिजनौर के आरिश को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, गुरुदासपुर ग्रेनेड हमले में भी शामिल: पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के गिरोह से भी जुड़ा, पुणे में करता था हज्जाम का काम

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अवैध हथियार खरीद बिक्री के आरोप में मोहम्मद आरिश को गिरफ्तार किया है। आरिश पर आईएसआई के इशारे पर पंजाब के गुरदासपुर में ग्रेनेड हमला करने का भी आरोप है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार के नेतृत्व में यूपी पहुँची थी।

आरिश पुणे में के एक सैलून में काम करता है। वह यूपी के बिजनौर के मछमार गाँव का रहने वाला है। आरिश के पाकिस्तान के आतंकी शहजाद भट्टी से तार जुड़े होने की बात सामने आ रही है।

मध्यप्रदेश में गिरफ्तार विकास प्रजापति को आरिश ने ही शहजाद भट्टी से मिलवाया था। विकास प्रजापति ने पूछताछ में पुलिस के सामने कबूला था कि उसने पिस्टल आरिश से खरीदी थी।

आरिश के पिता अल्ताफ के मुताबिक, पुलिस उसके बेटे को किसी धमाके को लेकर पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। पुलिस ने अल्ताफ को पहले हिरासत में लिया था। उसकी जानकारी के आधार पर ही आरिश को पकड़ने के लिए अल्ताफ को लेकर नैनीताल पहुँची। आरिश को हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने उसके पिता को छोड़ दिया।