मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में एक हिंदू युवती ने मेहरबान और उसकी बीवी शबनम पर शोषण और धर्मांतरण का दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के अनुसार, आरोपित मेहरबान ने उससे कुछ महीनों पहले परिचय बढ़ाया और प्रेम संबंध का झाँसा देकर उसे अपने जाल में फँसा लिया। इस दौरान उसने युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया और उसके आपत्तिजनक वीडियो व फोटो रिकॉर्ड कर लिए। बाद में इन्हीं वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर मेहरबान ने युवती पर दबाव बनाया और उसे ब्लैकमेल करता रहा।
युवती ने बताया कि आरोपित की पत्नी शबनम भी पूरे षड्यंत्र में शामिल थी। दोनों मिलकर उसे धमकाते, मारपीट करते और जबरन धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करते थे। पीड़िता के इनकार करने पर आरोपित ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
मामले की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पीपलोद थाने पहुँचे और आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की माँग की। एडिशनल एसपी महेंद्र तारणेकर के अनुसार, युवती की मुलाकत कुछ महीनों पहले मेहरबान से हुई थी जिसके बाद धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और आरोपित ने उसे फँसा लिया।
युवती द्वारा लगाए गए आरोप गंभीर हैं और प्रारंभिक जाँच में कई तथ्य सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपित मेहरबान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसके खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित कई धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जाँच जारी है और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

