‘सरकार से जहाँ तक हुआ, किराए पर कंट्रोल लगाया’: इंडिगो संकट पर नागरिक उड्डयन मंत्री का लोकसभा में बयान, कहा- साल भर नहीं लगा सकते कैप

केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के आर नायडू ने इंडिगो संकट को लेकर शुक्रवार (12 दिसंबर 2025) को लोकसभा में सरकार का पक्ष रखा। उनका कहना है कि सरकार एविएशन सेक्टर में डी रेग्युलेशन को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार तय समय तक टिकट की कीमत पर अंकुश लगा सकती है, लेकिन सालभर के लिए हवाई टिकट की कीमत पर कंट्रोल नहीं लगाया जा सकता।

इस दौरान उन्होंने तीन मौकों का जिक्र किया, जब एयर टिकट किराए पर सरकार ने कैप लगाया था। ये थे इलाहाबाद कुंभ के समय, पहलगाम आतंकी हमले के बाद पर्यटकों की वापसी का समय और कोरोना महामारी के दौरान ।

उन्होंने कहा कि इंडिगो संकट के दौरान भी सरकार ने हस्तक्षेप किया। केन्द्रीय मंत्री के मुताबिक, कई फ्लाइट्स कैंसिल हुई, कई रूट्स पर एयरलाइंस की आवाजाही नहीं हो पा रही थी, क्योंकि उनके पास क्षमता कम थी। ऐसे समय में सरकार ने आगे बढ़ कर कीमतों पर लगाम लगाई। उन्होंने कहा कि दूरी के आधार पर किराय तय करने का एयरलाइंस को सरकार ने आदेश दिया था।