अमेरिका में जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों के खुलासे को लेकर एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों ने आरोप लगाया है कि अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) ने एपस्टीन फाइल्स से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़ी एक तस्वीर हटा दी है।
यह मामला शुक्रवार (19 दिसंबर 2025) को तब सामने आया, जब ‘एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट’ के तहत दस्तावेज सार्वजनिक किए गए। इन फाइल्स में कानूनी कागजात, तस्वीरें और अन्य रिकॉर्ड शामिल थे।
हाउस ओवरसाइट कमेटी के डेमोक्रेट सदस्यों के मुताबिक, फाइल नंबर EFTA00000468 में एक तस्वीर थी, जिसमें एक दराज में रखी कई तस्वीरें दिखाई देती थीं। इनमें से कुछ तस्वीरों में एक व्यक्ति डोनाल्ड ट्रंप जैसा लग रहा था, जो महिलाओं के साथ दिख रहा था।
लेकिन शनिवार (20 दिसंबर 2025) की सुबह यह फाइल न्याय विभाग की वेबसाइट से गायब हो गई। वेबसाइट पर फाइल नंबर EFTA00000467 के बाद सीधे EFTA00000469 दिखने से शक और गहरा गया कि बीच की फाइल जानबूझकर हटाई गई है।
डेमोक्रेट्स का कहना है कि यह कदम उस कानून के खिलाफ है, जिसके तहत तय समयसीमा में सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने थे। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, वेबसाइट से कम से कम 16 फाइलें बिना किसी स्पष्टीकरण के हटा दी गईं।
क्या आरोप लगाया जा रहा है?
डेमोक्रेट सांसदों ने सीधे तौर पर न्याय विभाग और अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी से सवाल पूछे हैं कि फाइल EFTA00000468 को क्यों हटाया गया और क्या अन्य संवेदनशील दस्तावेज भी दबाए जा रहे हैं। हाउस ओवरसाइट कमेटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पूछा, “और क्या-क्या छुपाया जा रहा है? अमेरिकी जनता को पूरी पारदर्शिता चाहिए।”
कानून के तहत DOJ को शुक्रवार (19 दिसंबर 2025) तक अपने पास मौजूद सभी एपस्टीन संबंधी दस्तावेज सार्वजनिक करने थे लेकिन विभाग ने स्वीकार किया है कि अभी केवल आंशिक दस्तावेज ही जारी किए गए हैं। न्याय विभाग का कहना है कि पीड़ितों की सुरक्षा और कानूनी कारणों से कुछ रेडैक्शन किए जा रहे हैं और बाकी फाइलें कुछ हफ्तों में जारी होंगी।
वहीं, रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों ही दलों के कुछ सांसदों ने इस देरी की आलोचना की है। कैलिफोर्निया के सांसद रो खन्ना ने चेतावनी दी कि यदि कानून का पालन नहीं हुआ तो कॉन्ग्रेस कड़े कदम उठा सकती है। न्याय विभाग ने यह साफ-साफ कहा है कि किसी भी राजनेता का नाम जानबूझकर नहीं छुपाया जा रहा है और डोनाल्ड ट्रंप पर किसी भी तरह की गलत गतिविधि का आरोप नहीं है।

