नया साल 2026 शुरू हो चुका है, लेकिन पाकिस्तान की भारत विरोधी सोच नहीं बदली। अपनी बेटी का निकाह करने के तुरंत बाद पाकिस्तानी फौज प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने एक बार फिर भारत के खिलाफ जहर उगला है। बुधवार (31 दिसंबर 2025) को रावलपिंडी में एक कार्यक्रम के दौरान मुनीर ने गीदड़भभकी देते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन हुआ, तो इसका ‘ठोस और निर्णायक’ जवाब दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, रावलपिंडी के ‘जनरल हेडक्वार्टर्स’ (GHQ) में बलूचिस्तान के मुद्दे पर आयोजित एक वर्कशॉप में बोलते हुए मुनीर अपनी पुरानी आदतों से बाज नहीं आए। उन्होंने बिना किसी सबूत के भारत पर आरोप लगाया कि भारत समर्थित गुट बलूचिस्तान में हिंसा फैला रहे हैं और वहाँ के विकास को रोक रहे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान अपनी आंतरिक विफलताओं और बलूच आजादी की लड़ाई को दबाने के लिए अक्सर भारत पर झूठे आरोप लगाता रहता है। हैरानी की बात यह रही कि आतंकवाद की ‘जननी’ कहे जाने वाले पाकिस्तान के फौज प्रमुख ने प्रांत को आतंकवाद मुक्त करने की कसम खाई।
मुनीर ने कहा कि सुरक्षा बल आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। हकीकत यह है कि पाकिस्तान खुद आतंकवाद का पालनहार रहा है और अब वह बलूचिस्तान में उठने वाली विरोध की आवाजों को आतंकवाद का नाम देकर कुचलना चाहता है। बलूचिस्तान के राष्ट्रवादी लगातार पाकिस्तान पर हिंसा का आरोप लगाते आ रहे हैं।

