‘हम सब आपके बारे में सोच रहे हैं’: न्यूयॉर्क के नए मेयर जोहरान ममदानी ने तिहाड़ जेल में बंद उमर खालिद को लिखी भावुक चिट्ठी, US कॉन्ग्रेस के 8 सदस्यों का भी पत्र

न्यूयॉर्क सिटी के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी ने जेल में बंद पूर्व जेएनयू छात्र नेता और यूएपीए मामले के आरोपित उमर खालिद को एक पत्र लिखा है। यह पत्र ममदानी ने दिसंबर 2025 में अमेरिका यात्रा के दौरान उमर खालिद के अम्मी-अब्बू को सौंपा था। बता दें कि खालिद का अब्बू सैयद कासिम रसूल इलियास खुद प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिमी का मेंबर रहा है।

पत्र में ममदानी ने लिखा, “डियर उमर, मुझे अक्सर कड़वाहट में आपके शब्द याद आते हैं और यह भी कि इसे स्वयं पर हावी न होने देना कितना महत्वपूर्ण है। आपके माता-पिता से मिलकर बहुत खुशी हुई। हम सब आपके बारे में सोच रहे हैं।”

34 वर्षीय जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम और दक्षिण एशियाई मूल के मेयर हैं, जिन्होंने 1 जनवरी 2026 को पद की शपथ ली। उसी दिन उमर खालिद की साथी बूनोज्योत्सना लाहिड़ी ने X पर इस पत्र की तस्वीर साझा की, जिसके बाद यह वायरल हो गया।

इस बीच, अमेरिकी कॉन्ग्रेस के 8 सदस्यों ने भी उमर खालिद के समर्थन में भारत सरकार को पत्र लिखा है।

बता दें कि खालिद दिल्ली दंगों से जुड़े यूएपीए मामले में पाँच साल से अधिक समय से जेल में है। ममदानी का यह संदेश उसके लिए समर्थन और एकजुटता का प्रतीक माना जा रहा है।