महाराष्ट्र के पालघर जिले में अब्दुल रहमान सदरुद्दीन शाह द्वारा सार्वजनिक स्थान पर भारत विरोधी नारे वाला गाना बजाने का मामला सामने आया है। जिले के नायगाँव थाना क्षेत्र में दुर्गा माता मंदिर के पास स्थित एक सैलून में रहमान ने तेज आवाज में ‘टुकड़ों में बँटेगा हिंदुस्तान, कश्मीर बनेगा पाकिस्तान’ बोल वाला गाना बजाया था। गाना सड़क तक सुनाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में नाराजगी फैल गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
रहमान यूट्यूब पर चला रहा था गाना
पुलिस ने बताया कि सब-इंस्पेक्टर पंकज किल्जे निजी वाहन से गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें चिंचोटी के करमदपाड़ा इलाके में दुर्गा माता मंदिर के सामने स्थित रुहान हेयर कटिंग सैलून से तेज आवाज में ‘कश्मीर बनेगा पाकिस्तान’ गाना सुनाई दिया।
पुलिस जाँच में सामने आया कि 25 वर्षीय अब्दुल रहमान सदरुद्दीन शाह अपने मोबाइल फोन से यूट्यूब के जरिए ब्लूटूथ स्पीकर पर यह गाना चला रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके मोबाइल की जाँच की, जिसमें वही आपत्तिजनक गाना पाया गया।
FIR दर्ज, जाँच जारी
नायगाँव पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धारा 197(1)(डी) के तहत FIR दर्ज कर अब्दुल रहमान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधियाँ देश की एकता और सार्वजनिक शांति के लिए खतरा पैदा कर सकती हैं। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से हालात को नियंत्रण में ले लिया गया। फिलहाल मामले की विस्तृत जाँच की जा रही है।

