‘मैं जिहाद करूँगा, 20+ लोगों को चाकू और हथौड़े से मारूँगा’: US में नए साल पर आतंकी हमला होते-होते बचा, FBI ने पकड़ा 18 साल का ISIS एजेंट

अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना में नए साल के जश्न से ठीक पहले सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है। मिंट हिल शहर के रहने वाले 18 साल के क्रिश्चियन स्टर्डिवेंट को 31 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि वह आतंकी संगठन ISIS से प्रभावित था और आम लोगों पर बड़े हमले की तैयारी में था। वह खुद को ‘कुर्बान’ (बलिदानी) कहलाने के लिए भीड़भाड़ वाली जगहों पर कत्लेआम मचाना चाहता था।

सोशल मीडिया पर उगलता था जहर, खुद को बताता ‘ISIS का सिपाही’

जाँच एजेंसियों के अनुसार, स्टर्डिवेंट की कट्टरपंथी सोच का खुलासा उसके सोशल मीडिया पोस्ट से हुआ। उसने ईसाई धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बातें लिखी थीं। मामला तब गंभीर हो गया जब FBI ने एक गुप्त ऑपरेशन के तहत अपना एजेंट भेजा। उस एजेंट से बातचीत में स्टर्डिवेंट ने साफ कहा, “मैं जल्द ही जिहाद करूँगा।” उसने खुद को ISIS का सिपाही बताते हुए कत्लेआम की इच्छा जताई।

चाकू-हथौड़े से कत्लेआम की थी तैयारी, बिस्तर के नीचे मिला सामान

जाँच में पता चला कि वह किसी किराना स्टोर या फास्ट फूड रेस्टोरेंट को निशाना बनाना चाहता था। उसने अंडरकवर एजेंट को दो हथौड़े और एक चाकू की फोटो भी भेजी थी।

जब FBI ने उसके घर पर छापा मारा, तो उसके बिस्तर के नीचे से वही चाकू और हथौड़े बरामद हुए। इसके अलावा उसके पास से हमले के लिए जरूरी दस्ताने, जैकेट और उन जगहों की लिस्ट भी मिली जहाँ वह हमला करना चाहता था।

हाथ से लिखा था ‘New Years Attack 2026’ का पूरा प्लान

सबसे डराने वाला खुलासा तब हुआ जब स्टर्डिवेंट के कमरे से हाथ से लिखे कुछ नोट्स मिले। इनका टाइटल था ‘न्यू ईयर अटैक 2026’। इस प्लान में उसने लिखा था कि उसे कम से कम 20-21 लोगों को चाकू मारना है। यही नहीं, उसने यह भी तय कर रखा था कि जब पुलिस आएगी, तो वह उन पर हमला करेगा ताकि पुलिस की गोली से मारा जाए और खुद को ‘कुर्बान’ साबित कर सके।

(फोटो साभार: न्यूयार्क पोस्ट)

समय रहते टल गया बड़ा खतरा

अधिकारियों के मुताबिक, स्टर्डिवेंट ने ISIS के प्रति वफादारी की कसम भी खा ली थी और वह हमले की आखिरी तैयारी में था। अमेरिका के असिस्टेंट अटॉर्नी जनरल ने कहा कि समय रहते गिरफ्तारी होने से कई मासूमों की जान बच गई। फिलहाल आरोपित पर आतंकी संगठन की मदद करने और हमले की साजिश रचने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।