प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार (4 जनवरी 2026) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वाराणसी में आयोजित 72वें राष्ट्रीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। दोपहर 12 बजे हुए इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मंच पर उपस्थित रहे। यह टूर्नामेंट 4 से 11 जनवरी तक डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर से 28 राज्यों और विभिन्न संस्थानों की 58 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘हर-हर महादेव’ से अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने खिलाड़ियों और काशीवासियों का अभिनंदन करते हुए कहा, “आज काशी के सांसद के नाते आप सभी खिलाड़ियों का स्वागत व अभिनंदन करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है।”
उन्होंने कहा, “आप सब एक भारत श्रेष्ठ भारत की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत कर रहे हैं। चैपिंयनशिप में भाग ले रहे सभी प्रतिभागियों को शुभकामना दे रहा हूँ। कहा गया है कि बनारस जानल चाहत हउवा तक बनारस आवे के पड़ी। हमारा बनारस खेल प्रेमियों का शहर है।” अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को काशी की संस्कृति, गंगा स्नान, बाबा विश्वनाथ के दर्शन और स्थानीय व्यंजनों का आनंद लेने का भी आमंत्रण दिया।
वहीं उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल केवल समय बिताने का साधन नहीं, बल्कि जीवन के सर्वांगीण विकास और मानसिक समृद्धि का माध्यम हैं। उन्होंने सरकार द्वारा खेल और खिलाड़ियों के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।

