कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के येल्लापुर कस्बे में शनिवार (3 जनवरी 2026) को 30 वर्षीय दलित महिला की बीच सड़क पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, रविवार (4 जनवरी 2026) को हत्या का आरोपित रफीक इमामसाब भी जंगल में पेड़ से लटका पाया गया। इस घटना के बाद कस्बे में तनाव फैल गया है और कई हिंदू संगठनों ने येल्लापुर बंद का आह्वान किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतका की पहचान कलम्मा नगर निवासी रंजीथा भानसोडे के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोपहर जब रंजीथा अपने काम से घर लौट रही थी, तभी उस पर चाकू से हमला किया गया। हत्या का मुख्य आरोपित रफीक इमामसाब वारदात के बाद फरार हो गया था।
निकाह का दबाव और पुराना परिचय बना विवाद की वजह
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जाँच में सामने आया है कि आरोपित रंजीथा पर निकाह का दबाव बना रहा था। महिला और उसके परिवार ने इस प्रस्ताव का विरोध किया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, निकाह से इनकार के बाद आरोपित ने चाकू से हमला कर दिया।
रंजीथा की करीब 12 साल पहले महाराष्ट्र के सोलापुर निवासी सचिन कटेरा से शादी हुई थी और उनका एक 10 साल का बेटा है। वह अपने पति से अलग रह रही थी और येल्लापुर में अपने परिवार के साथ रहती थी। वह एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील सहायक के रूप में काम करती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपित अक्सर उनके घर भोजन के लिए आता-जाता था लेकिन निकाह के दबाव के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया।
तनाव के बाद कड़ी की गई सुरक्षा व्यवस्था
महिला की हत्या के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने येल्लापुर पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन किया। श्रीराम सेना प्रमुख प्रमोद मुथालिक ने इस घटना को ‘लव जिहाद’ का मामला बताया है। कई हिंदू संगठनों ने रविवार को येल्लापुर बंद का आह्वान किया है। पुलिस ने येल्लापुर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

