क्रिकेटर मोहम्मद शमी और उनके भाई के SIR फॉर्म में मिली गड़बड़ियाँ, चुनाव आयोग ने किया तलब: दो-दो राज्यों के वोटर होने का दावा

क्रिकेटर मोहम्मद शमी और उनके भाई मोहम्मद कैफ को चुनाव आयोग ने नोटिस जारी कर पेश होने को कहा है। एसआईआर में गड़बड़ी के मद्देनजर ये नोटिस भेजा गया है। नोटिस में उन्हें 5 जनवरी को चुनाव आयोग के कोलकाता स्थित कार्यालय में बुलाया गया था।

क्रिकेटर शमी ने चुनाव आयोग से कहा कि वह अभी आयोग के समक्ष उपस्थित नहीं हो सकते क्योंकि वह विजय हजारे ट्रॉफी खेल रहे हैं और राजकोट में हैं। इसलिए चुनाव आयोग के कार्यालय नहीं जा सकते। शमी ने पत्र में साफ किया कि एक पेशेवर खिलाड़ी के तौर पर यह उनकी आधिकारिक ड्यूटी है, जिससे वह पीछे नहीं हट सकते।

न्यूज 18 के मुताबिक, शमी ने चुनाव आयोग को लिखित में कहा “मैं वोटर लिस्ट के SIR के संबंध में 5 जनवरी 2026 को आपके कार्यालय में मेरी उपस्थिति के संबंध में प्राप्त नोटिस के संदर्भ में लिख रहा हूँ। मैं आपको सम्मानपूर्वक सूचित करना चाहता हूँ कि घरेलू क्रिकेट मैचों में मेरी वर्तमान भागीदारी के कारण मैं उल्लिखित तारीख और समय पर निर्धारित सुनवाई में शामिल नहीं हो पाऊँगा। इसमें मैं आधिकारिक तौर पर बंगाल राज्य टीम का प्रतिनिधित्व कर रहा हूँ।”

इंडिया टुडे के मुताबिक, मोहम्मद शमी और उनके भाई के नाम एनरोलमेंट फॉर्म में कुछ दिक्कतें सामने आई हैं। ये प्रोजेनी मैपिंग और सेल्फ-मैपिंग में गड़बड़ियों से जुड़ी हुई हैं। उन्हें दक्षिण कोलकाता के जादवपुर इलाके में कार्तजू नगर स्कूल से नोटिस जारी किए गए।

रिपोर्ट के मुताबिक, शमी के एन्यूमरेशन फॉर्म में प्रोजेनी मैपिंग और सेल्फ मैपिंग में गड़बड़ियाँ पाई गई है। शमी कोलकाता म्युनिसिपल कॉर्पोररेशन वार्ड नंबर 93 में वोटर के रूप में रजिस्टर्ड हैं। जबकि 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में मोहम्मद शमी ने उत्तर प्रदेश के अमरोहा में अपने पैतृक घर के पते पर बने वोटिंग कार्ड पर वोट डाला था।