हिमंता सरकार ने 5000+ बीघा जमीन पर चलाया बेदखली अभियान, 1250 बांग्लादेशी घुसपैठियों का था अवैध कब्जा: असम CM ने दी चेतावनी- अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं

असम के होजाई जिले में 5250 बीघा अवैध कब्जे वाली जमीन पर बेदखली अभियान चलाया गया। बुलडोजर ने अतिक्रमण को ध्वस्त किया। यह जमीन वन भूमि क्षेत्र की है, जिसे असम की हिमंता सरकार ने वापस ले लिया है।

इसकी जानकारी देते हुए असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, “जमुना-मौदंगा RF सीमा क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण का खेल खत्म। शांतिपूर्ण, कानूनी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए 5250 बीघा भूमि पुन: प्राप्त मिशन पूरा हुआ।”

सीएम ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए आगे लिखा, “किसी भी तरह के चीट कोड की आवश्यकता नहीं है। इसे अपनी चेतावनी समझें। अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस जमीन पर 1250 बांग्लादेशी घुसपैठियों के परिवारों ने अवैध रूप से अतिक्रमण किया हुआ था। इनमें से 152 परिवारों के मामले गुवाहाटी हाई कोर्ट में लंबित हैं। उन्हें अस्थायी रूप से बेदखली प्रक्रिया से बाहर रखा गया। बाकी 1098 परिवारों को सभी कानूनी प्रक्रिया के तहत बेदखल किया जा रहा है।