छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में बुधवार (07 जनवरी 2026) को 26 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इनमें से 13 नक्सलियों पर ₹65 लाख का इनाम था। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में सात महिलाएँ भी शामिल थीं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने बताया कि ये सभी नक्सली छत्तीसगढ़ के अबूझमाड, सुकमा और ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय थे। इनमें 35 साल के लाली उर्फ मुचाकी आयते लखमू पर ₹10 लाख का इनाम था। इसके अलावा हेमला लखमा, आसमिता उर्फ कमलू सन्नी, रामबती उर्फ पदम जोगी, सुंदरम पाले पर कुल ₹8 लाख का इनाम घोषित था।
सुकमा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि सभी नक्सलियों ने ‘पुणे मार्गेम’ योजना के तहत अपने सामान्य जीवन में लौटने का फैसला लिया है। इन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और CRPF के अधिकारियों के समक्ष सरेंडर किया है। सभी को ₹50 हजार की सहायता राशि प्रदान की गई है।

