कॉन्ग्रेस का निष्कासित MLA राहुल गिरफ्तार, तीसरे रेप केस में केरल की क्राइम ब्रांच ने पकड़ा: लंबे समय से था फरार

केरल के पलक्कड़ से विधायक और कॉन्ग्रेस से निष्कासित राहुल ममकुटाथिल को आखिरकार क्राइम ब्रांच ने रेप और यौन उत्पीड़न के तीसरे मामले के बाद गिरफ्तार कर लिया है। सीरियल ऑफेंडर बन चुके राहुल ममकुटाथिल की मुश्किलें अब कानून के शिकंजे में कसती दिख रही हैं। शनिवार (10 जनवरी 2026) की देर रात उसे पलक्कड़ के एक होटल से हिरासत में लिया गया और पथानामथिट्टा स्थित एआर कैंप ले जाया गया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ पूरी होने के बाद उसे तिरुवल्ला की मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पथानामथिट्टा जिले की एक महिला की शिकायत के आधार पर राहुल ममकुटाथिल के खिलाफ रेप का लगातार तीसरा मामला दर्ज किया गया था। इसी नए मामले में वह काफी समय से फरार बताए जा रहा था।

पहले से दर्ज दो मामलों की जाँच कर रही SIT को ही इस नए केस की भी जिम्मेदारी सौंपी गई। शनिवार (10 जनवरी 2026) की आधी रात को टीम ने पलक्कड़ के होटल में छापा मारकर पहले उसे हिरासत में लिया और फिर औपचारिक गिरफ्तारी दर्ज की।

पहले भी दो मामलों में घिर चुके हैं राहुल

राहुल ममकुटाथिल पर इससे पहले भी रेप के गंभीर आरोप लग चुके हैं। पहले मामले में उन पर एक महिला के साथ रेप और जबरन गर्भपात कराने के आरोप हैं, जिसमें केरल हाई कोर्ट से उन्हें गिरफ्तारी से अंतरिम राहत मिली थी। दूसरे मामले में तिरुवनंतपुरम की सत्र अदालत ने उन्हें अग्रिम जमानत दी थी।

हालाँकि अब तीसरे मामले में गिरफ्तारी के साथ उनकी कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। तीनों ही मामले यौन उत्पीड़न से जुड़े हुए हैं। इससे पहले राहुल पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने के आरोप भी लगे थे। हालिया आरोपों के सामने आने के बाद पार्टी ने करीब एक महीने पहले उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया था।