असम में मानसिक रूप से अस्थिर हिंदू महिला का रफीकुल इस्लाम ने किया बलात्कार: पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोचा, इलाके में तनाव

असम के कोकराझार जिले में शनिवार (10 जनवरी 2026) की सुबह मानसिक रुप से अस्वस्थ और अनाथ हिंदू महिला से रेप की घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आरोपित रफीकुल इस्लाम उसे सड़क निर्माण कार्य के लिए बनाए गए लेबर कैंप में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।

आरोपित रफीकुल धुबरी जिले के चापर का रहने वाला है। वह उसी सड़क निर्माण स्थल पर काम करता था। घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता ने अपने एक रिश्तेदार को आपबीती बताई। इसके बाद स्थानीय लोग पीड़िता को लेकर लेबर कैंप पहुँचे, जहाँ उसने आरोपित की पहचान की।

गुस्साए लोगों ने आरोपित की पिटाई कर दी, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने स्थिति सँभाली और रफीकुल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, जिस समय आरोपित को कोकराझार लाया जा रहा था, उसने शौचालय जाने के बहाने भागने की कोशिश की। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर उन पर हमला भी किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे रफीकुल के पैर में गोली लगी।

स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन, इलाके में तनाव

आरोपित की गिरफ्तारी के बावजूद लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कोकराझार सदर थाने के बाहर जमा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने कोकराझार–बिलासिपारा सड़क को जाम कर दिया और आरोपित को कड़ी सजा देने की माँग की। कुछ लोगों ने आरोपित को उनके हवाले करने की माँग भी की, जिससे तनाव और बढ़ गया।

स्थिति को देखते हुए रविवार (11 जनवरी 2026) को 12 घंटे का बंद बुलाया गया और बाजार, दुकानें, स्कूल, निजी कार्यालय और सार्वजनिक परिवहन लगभग पूरी तरह बंद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 लागू की गई।