पाकिस्तान नहीं आ रहा बाज, JK में फिर मंडराते दिखे ड्रोन: 48 घंटे में तीसरी घटना; आर्मी चीफ की चेतावनी- हर हरकत का देंगे जवाब, ऑपरेशन सिंदूर जारी है

जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा(LOC) के पास पाकिस्तानी ड्रोन मंडराते देखे गए हैं। ये ड्रोन पिछले 48 घंटे में दूसरी बार देखे गए हैं। ड्रोने देखते ही भारतीय सेना ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद वे पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर(PoK) की ओर लौटते दिखे। सेना ने एंट्री-ड्रोन सिस्टम भी सक्रिय कर दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलवार (13 जनवरी 2026) शाम 7 बजे राजौरी जिले के चिंगुस इलाके के डुंगा गाला क्षेत्र में पाकिस्तानी ड्रोन घुस आए और वहीं मंडराने लगे। भारतीय सेना ने तुरंत एंटी-ड्रोन सिस्टम सक्रिय किया तो ड्रोन कुछ समय के लिए गायब हो गए। इसके बाद 7.35 बजे ड्रोन फिर नजर आए, इस बार भारतीय सेना ने कई राउंड फायर किए, जिससे डरकर पाकिस्तानी ड्रोन उल्टे पैर लौट गए।

बीते तीन दिनों में पाकिस्तानी ड्रोन मंडराने की यह दूसरी घटना है। इसके बाद भारतीय सेना ने प्रभावित इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। LOC पर निगरानी और चौकसी बढ़ा दी गई है। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मद्देनजर भी सुरक्षा एजेंसियाँ अलर्ट पर हैं। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए घुसपैठ या हथियार और नशीले पदार्थ गिराने की कोशिश की जा सकती है।

पिछले दिनों कई पाकिस्तानी ड्रोन दिखे

इससे पहले रविवार (11 जनवरी 2026) को जम्मू-कश्मीर के सांबा, राजौरी और पुंछ में LOC के पास 5 ड्रोन दिखाई दिए थे। इनमें राजौराी में नौशेरा सेक्टर में गनिया-कलसियां गाँव के ऊपर ड्रोन देखा गया। इसके बाद मीडियम और लाइट मशीन गन से सेना ने फायरिंग की।

वहीं राजौरी के तेरियाथ के खब्बर गाँव में एक और ड्रोन देखा गया। यह ड्रोन कलाकोट के धर्मसाल गाँव की तरफ से आया और आगे भरख की ओर बढ़ गया। सांबा के रामगढ़ सेक्टर में चक बबरल गाँव के ऊपर ड्रोन जैसी चीज मंडराती दिखी थी। पुंछ में भी तैन से टोपा की ओर ड्रोन जैसी एक और चीज जाती देखी गई।

इससे पहले 09 जनवरी 2026 को सांबा में IB के पास घगवाल के पालूरा गाँव में हथियार की खेप मिली थी, जिसे पाकिस्तान से आए ड्रोन ने गिराया था। इसमें 2 पिस्तौल, तीन मैगजीन, 16 राउंड और एक ग्रेनेड शामिल था।

आर्मी चीफ का बयान- LOC पर 8 आतंकी कैंप

मंगलवार (13 जनवरी 2026) को आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने आगाह कर बताया था कि पाकिस्तानी बॉर्डर (LOC) के पास 8 आतंकी कैंप एक्टिव हैं। उन्होंने कहा कि वे नजर रखे हुए हैं, ऑपरेशन सिंदूर अब भी जारी है और अगर किसी भी तरह की हरकत होती है तो जवाब जरूर दिया जाएगा। इसके अलावा जनरल ने ऑपरेशन सिंदूर का विवरण दिया।

जनरल द्विवेदी ने कहा कि पिछले साल 2025 में 31 आतंकवादियों को मार गिराया गया, जिनमें ज्यादातर पाकिस्तानी थे। इनमें पहलगाम हमले के आतंकी भी थे, जिन्हें ऑपरेशन महादेव में मार गिराया गया।