जनता को नहीं पसंद आ रहा TMC का प्रचार, नंदीग्राम में बैनर लगाने पर हुआ विवाद: पार्टी ने BJP के मत्थे मढ़ा आरोप, पुलिस कर रही जाँच

पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में बुधवार (14 जनवरी 2026) की सुबह उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं द्वारा सेबाश्रय स्वास्थ्य शिविर के प्रचार के दौरान जबरदस्ती का विरोध सामने आया। यह घटना नंदीग्राम ब्लॉक-II के रामचक इलाके में हुई, जहाँ स्थानीय लोगों और TMC कार्यकर्ताओं के बीच शुरु हुआ विवाद झड़प में बदल गया। TMC ने इसका आरोप BJP पर लगाया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, TMC कार्यकर्ता बयाल-II ग्राम पंचायत के अंतर्गत बूथ संख्या 21 के पास बैनर लगा रहे थे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने इलाके के लोगों की आपत्ति को नजरअंदाज करते हुए दबाव बनाने की कोशिश की, जिससे गाँव वालों में नाराजगी फैल गई।

इसी विरोध के चलते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और हालात बिगड़ गए। झड़प में कुछ TMC कार्यकर्ताओं को चोटें आईं, जिनमें पार्टी के एक स्थानीय नेता भी शामिल बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही नंदीग्राम थाने की पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि TMC की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है और इसका आरोप BJP पर लगाया गया है। BJP ने TMC के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि इस घटना में पार्टी की कोई भूमिका नहीं है।

BJP नेताओं का कहना है कि TMC की मनमानी और दबंग राजनीति के खिलाफ स्थानीय लोगों का आक्रोश ही इस विवाद की वजह बना। फिलहाल पूरे मामले की जाँच की जा रही है।