झारखंड के पाकुड़ में ट्रेन पलटाने की एक बड़ी और खतरनाक साजिश को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने समय रहते नाकाम कर दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिन पर रेलवे से बदला लेने के लिए जानबूझकर हादसा कराने की कोशिश करने का आरोप है।
यह घटना 10 जनवरी 2026 की रात की है। पाकुड़ के कुमारपुर इलाके में तिलभीटा और कोटलपोखर रेलवे स्टेशन के बीच रेल लाइन पर तीन युवकों ने डेढ़ मीटर लंबा भारी लोहे का टुकड़ा रख दिया था। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान यार मोहम्मद शेख, राहुल शेख और नजमी शेख के रूप में हुई है। उनका मकसद वहाँ से गुजरने वाली ट्रेन को पटरी से उतारना और बड़ा नुकसान करना था।
साजिश का खुलासा उस समय हुआ जब उसी ट्रैक से गुजर रही एक मालगाड़ी लोहे के टुकड़े से टकरा गई। सौभाग्य से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया। तुरंत जाँच शुरू की गई और डॉग स्क्वायड की मदद से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि तीनों इससे पहले 6 जनवरी को मालगाड़ी से कोयला चोरी की घटना में भी शामिल थे। उनके कुछ साथियों की गिरफ्तारी से नाराज होकर उन्होंने रेलवे और RPF को सबक सिखाने के इरादे से यह साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जाँच शुरू कर दी है।

