‘TMC बंगाल के लोगों से निकाल रही दुश्मनी’: ममता सरकार पर जमकर बरसे PM मोदी, कहा- जनता महा-जंगलराज को विदा करने को तैयार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (18 जनवरी 2026) को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले स्थित सिंगूर में ₹830 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। पीएम मोदी के इस कार्यक्रम में भारी संख्या में जनता की भीड़ जुटी। प्रधानमंत्री ने इस जनसैलाब को संबोधित करते हुए बंगाल की ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि अब बंगाल भी TMC के महा-जंगलराज को विदा करने के लिए तैयार है।

बंगाल की जनता को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “मेरा निरंतर प्रयास रहता है कि बंगाल के नौजवानों, किसानों, माताओं-बहनों की हर संभव सेवा करूँ। लेकिन यहाँ की TMC सरकार… केंद्र सरकार की योजनाओं को आप तक ठीक से पहुँचने ही नहीं देती। TMC तो बंगाल के लोगों से अपनी दुश्मनी निकाल रही है! TMC यहाँ के नौजवानों, यहाँ की माताओं-बहनों, यहाँ के किसानों से दुश्मनी ठाने हुए है।”

TMC मछुआरों से दुश्मनी निकाल रही: पीएम मोदी

खासकर बंगाल के मछुआरे परिवारों पर बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “बंगाल के मछुआरों से TMC कैसे अपनी दुश्मनी निकाल रही है, इसका मैं आपको एक उदाहरण देता हूँ। बंगाल में लाखों परिवार मछली के काम से जुड़े हुए हैं। यहाँ से अभी जितनी मछली एक्सपोर्ट होती हैं, उससे कहीं अधिक संभावनाएँ यहाँ है, यहाँ के मछुआरे भाई-बहनों में वो ताकत है। इसके लिए जरूरी है कि मछुआरे भाई-बहनों को मदद और बेहतर टेक्नोलॉजी मिले।”

उन्होंने आगे कहा, “इसी सोच के साथ देशभर के मछुआरों की मदद के लिए केंद्र सरकार ने एक डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाया है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देशभर की राज्य सरकारें अपने यहाँ के मछुआरों के नाम रजिस्टर करवा रही हैं। लेकिन, बंगाल में इस काम पर ब्रेक लगा हुआ है। हम बंगाल की TMC सरकार को बार-बार चिट्ठी लिखते हैं। लेकिन TMC सरकार यहाँ के मछुआरों के रजिस्ट्रेशन में बिल्कुल भी सहयोग नहीं कर रही है। इससे बंगाल के मछुआरों को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना जैसी केंद्र की स्कीम का फायदा नहीं मिल पा रहा है।”

TMC के राज में बेटियाँ असुरक्षित, शिक्षा व्यवस्था खतरे में: PM मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने यह भी कहा, “TMC के राज में बेटियाँ भी सुरक्षित नहीं हैं। बंगाल की शिक्षा व्यवस्था भी माफिया और भ्रष्टाचारियों के कब्जे में है। TMC बंगाल के युवाओं के भविष्य को खतरे में डाल रही है।” इसके साथ पीएम मोदी ने जनता को सिंडिकेट टैक्स में छूट, सुशासन और विकास की गारंटी दी।

घुसपैठियों को संरक्षण देती है TMC: PM मोदी

पीएम मोदी ने TMC पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “TMC ऐसे गिरोह को संरक्षण देती है, जो घुसपैठियों को सुरक्षा देते हैं, उनके लिए फर्जी डॉक्यूमेंट बनाते हैं। अब समय आ गया है, जब घुसपैठ को भी पूरी तरह रोकना होगा। और जो लोग बीते दशकों में फर्जी कागज बनाकर यहाँ घुलमिल गए हैं, उनकी पहचान करके उन्हें उनके देश वापस भी भेजना होगा।”