उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। अकबरपुर नगर पालिका परिषद ने बोर्ड बैठक में शहर का नाम बदलने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। चेयरमैन और सभासदों की सर्वसम्मति से समाजवाद के पुरोधा डॉ राम मनोहर लोहिया की जन्मस्थली अकबरपुर का नाम अब ‘लोहिया नगर’ रखने का प्रस्ताव पास किया गया है।
शहर के सौंदर्यीकरण और महापुरुषों को सम्मान देने के उद्देश्य से लिए गए इस फैसले के तहत न केवल शहर, बल्कि अकबरपुर रेलवे स्टेशन का नाम भी डॉ लोहिया के नाम पर रखने का प्रस्ताव उच्च स्तर पर भेजा गया है।
नामकरण की इस कड़ी में शहर के महत्वपूर्ण संघतिया तिराहा का नाम बदलकर पूर्व प्रधानमंत्री पंडित अटल बिहारी वाजपेयी और अयोध्या रोड के चौराहे का नाम पंडित दीन दयाल उपाध्याय के नाम पर रखने पर मुहर लगी है।
इसके साथ ही विकास कार्यों को नई दिशा देते हुए बोर्ड ने सभी 25 वार्डों में ‘मिल्क पार्लर’ खोलने का प्रस्ताव भी मंजूर किया है। इस पहल से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार मिलेगा और शहर में शुद्ध दुग्ध उत्पादों की उपलब्धता बढ़ेगी।
डॉ लोहिया की विरासत को नई पहचान देने वाले इन फैसलों ने पूरे जिले में एक नई चर्चा छेड़ दी है, और अब लोगों को इन प्रस्तावों के जमीन पर उतरने का इंतजार है।

