अहमदाबाद में शाह आलम मस्जिद के पास बना था कुख्यात रफीक का 2500 स्क्वायर फीट में अवैध घर, AMC ने किया जमींदोज: गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी बोले- ‘भू-माफियाओं की अब खैर नहीं’

अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (AMC) ने अपराध और अवैध निर्माण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कुख्यात बदमाश रफीक उर्फ ‘व्यापारी’ के अवैध घर को मिट्टी में मिला दिया है। रंगदारी (उगाही) के मामले में गिरफ्तारी के तुरंत बाद, प्रशासन ने दाणीलीमाडा इलाके में उसके तीन मंजिला अवैध ढाँचे को ढहा दिया। गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने इस कार्रवाई पर कड़ा संदेश देते हुए कहा कि गुजरात में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून से ऊपर कोई नहीं है।

पुलिस पहरे में चला बुलडोजर और कटर

अहमदाबाद के दाणीलीमाडा (फजलनगर) इलाके में शाह आलम मस्जिद के पास रफीक व्यापारी ने करीब 2500 स्क्वायर फीट में अपना अवैध आशियाना बना रखा था। जीपीएमसी (GPMC) एक्ट के तहत नोटिस देने के बावजूद उसने कब्जा नहीं हटाया।

शुक्रवार (23 जनवरी 2026) को एस्टेट विभाग की टीम ने 3 डिमोलिशन गाड़ियाँ, 15 ब्रेकर मशीनें और गैस कटर लेकर धावा बोल दिया। पुलिस की भारी सुरक्षा के बीच ग्राउंड फ्लोर से लेकर दूसरी मंजिल तक के अवैध निर्माण को पूरी तरह तोड़ दिया गया।

रंगदारी माँगना पड़ा भारी, ऊंझा से हुआ था गिरफ्तार

रफीक व्यापारी पर उगाही और धमकाने के 20 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में तस्लीम आलम नाम के शख्स ने शिकायत की थी कि रफीक ने उसके पिता से 1.5 लाख रुपए की रंगदारी माँगी है।

पैसे न देने पर उसने सोशल मीडिया पर पूरे परिवार को बदनाम करने की धमकी दी थी। शिकायत के बाद आरोपित फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने उत्तर गुजरात के ऊंझा से धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद प्रशासन ने उसके आर्थिक साम्राज्य पर चोट करने का फैसला किया।

सोशल मीडिया पर फैलाता था खौफ

रफीक का काम करने का तरीका बड़ा अजीब और डरावना था। उसने कई सोशल मीडिया अकाउंट बना रखे थे, जहाँ वह व्यापारियों और यहाँ तक कि पत्रकारों के खिलाफ भी गंदी भाषा का इस्तेमाल करता था। वह लोगों को डराता था कि अगर उन्होंने पैसे नहीं दिए, तो वह उनके आपत्तिजनक वीडियो वायरल कर देगा। इलाके में उसका इतना खौफ था कि लोग उसके खिलाफ बोलने से डरते थे।

हर्ष संघवी का कड़ा वार: ‘कीमत तो चुकानी पड़ेगी’

इस कार्रवाई के बाद गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने सोशल मीडिया पर सख्त चेतावनी जारी की। उन्होंने साफ कहा कि चाहे कोई हिस्ट्रीशीटर हो या भू-माफिया, किसी के भी अवैध अतिक्रमण को बख्शा नहीं जाएगा।

गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने लिखा कि जो लोग खुद को कानून से ऊपर समझते थे, आज उन्हें जवाब मिल गया है। अपराधी को उसके किए की कीमत चुकानी ही होगी।