मिर्जापुर ‘जिम जिहाद’ का मास्टरमाइंड इमरान दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार, बीवी के साथ भाग रहा था दुबई: पहले से दर्ज हैं 65+ मुकदमे

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में सामने आए धर्मांतरण और यौन शोषण और जिम जिहाद के सनसनीखेज मामले में फरार आरोपित इमरान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इमरान को दिल्ली के इंदिरा गाँधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अरेस्ट किया गया है। वह अपने परिवार के साथ दुबई भागने की कोशिश कर रहा था। वहीं इमिग्रेशन विभाग ने उसे रोका और दिल्ली पुलिस के जरिए मिर्जापुर पुलिस को सूचना दी।

गौरतलब है कि इमरान मिर्जापुर में KGN (ख्वाजा गरीब नवाज) नाम से जिमों की एक चेन चलाता था। इन्हीं जिमों के जरिए वह हिंदू लड़कियों को फँसाता, उनका शोषण करता और फिर ब्लैकमेल कर धर्मांतरण का दबाव बनाता था। ये जिम उसके रिश्तेदारों और करीबी लोगों द्वारा संचालित किए जा रहे थे। DIG सोमेन बर्मा ने बताया कि इस पूरे मामले में KGN और ‘आयरन फायर’ नामक दो बड़े नेटवर्क सामने आए थे।

जिसके बाद इस केस में मोहम्मद शेख अली, फैजल खान, जहीर, शादाब, फरीद अहमद और जीआरपी हेड कॉन्स्टेबल इरशाद खाँ सहित छह आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, इमरान सातवाँ आरोपित है। पुलिस ने तीन कारें और चार मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। इमरान पर कुल 65 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। DIG के मुताबिक, आरोपित को पुलिस रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क की गहराई से जाँच की जाएगी।