कनाडा में भारतीय मूल के युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस को गैंगवार का शक: पास में मिली जली हुई कार

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के बर्नाबी शहर में गुरुवार (22 जनवरी 2026) को भारतीय मूल के 28 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के मुताबिक यह घटना स्थानीय समय के अनुसार शाम करीब 5:30 बजे कनाडा वे के 3700 ब्लॉक के पास हुई।

गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, जहाँ एक युवक गंभीर रूप से घायल हालत में मिला। पुलिस ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान वैंकूवर में रहने वाले दिलराज सिंह गिल के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ किलोमीटर दूर बक्सटन स्ट्रीट के 5000 ब्लॉक में एक कार को जलते हुए पाया।

जाँचकर्ताओं का मानना है कि यह कार इसी हत्या से जुड़ी हुई है। मामले की जाँच अब इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) कर रही है। मृतक की पहचान वैंकूवर में रहने वाले दिलराज सिंह गिल के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा है कि यह गोलीबारी जानबूझकर की गई थी और इसका संबंध ब्रिटिश कोलंबिया में चल रहे गैंग विवाद से हो सकता है।

पुलिस के अनुसार दिलराज सिंह गिल पहले से पुलिस के रिकॉर्ड में थे। जाँच एजेंसियाँ घटनास्थल और जली हुई कार से सबूत जुटा रही हैं। पुलिस को शक है कि आरोपित वारदात के बाद उसी कार से फरार हुए।