गोवा-आंध्र प्रदेश में भी कम उम्र के बच्चों के लिए बैन होगा सोशल मीडिया: ऑस्ट्रेलिया के मॉडल पर कानून लाने की तैयारी में सरकार

ऑस्ट्रेलिया की तर्ज पर अब गोवा सरकार भी 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर बैन लगाने पर विचार कर रही है। गोवा के आईटी मंत्री रोहन खांटे ने 26 जनवरी 2026 को जानकारी दी कि राज्य सरकार फिलहाल ‘ऑस्ट्रेलियाई मॉडल’ का गहराई से अध्ययन कर रही है।

मंत्री रोहन खांटे ने बताया कि अधिकारियों को यह समझने के निर्देश दिए गए हैं कि नाबालिगों की सोशल मीडिया तक पहुँच को कैसे प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है। मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद इस प्रस्ताव को आगामी विधानसभा सत्र से पहले औपचारिक रूप दिया जा सकता है।

सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य जोखिमों और सोशल मीडिया की लत से बचाना है। मंत्री खांटे के अनुसार, कई अभिभावकों ने शिकायत की है कि सोशल मीडिया बच्चों की पढ़ाई और व्यवहार पर नकारात्मक असर डाल रहा है।

गोवा के अलावा आंध्र प्रदेश सरकार भी ऐसे ही कड़े कानून बनाने की योजना बना रही है। गौरतलब है कि पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों पर सोशल मीडिया बैन लागू किया है, जिसकी जिम्मेदारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर डाली गई है। भारत में मद्रास हाई कोर्ट भी केंद्र सरकार को ऐसे कानून की संभावनाएँ तलाशने की सलाह दे चुका है।