‘हमारे भरोसे न बैठें, अपना इंतजाम करके तुरंत निकलें ईरान से’ : अमेरिका ने अपने नागरिकों को दी चेतावनी, अफगानिस्तान-इराक-पाकिस्तान की सीमा के पास जाने से किया मना

ईरान स्थित अमेरिकी वर्चुअल दूतावास ने शुक्रवार (6 फरवरी 2026) को एक गंभीर सुरक्षा अलर्ट जारी करते हुए सभी अमेरिकी नागरिकों को तुरंत ईरान छोड़ने की सलाह दी। अलर्ट में कहा गया कि बढ़ते खतरे और बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के कारण वहाँ रहना जोखिम भरा हो गया है।

चेतावनी में बताया गया कि पूरे देश में कड़े सुरक्षा इंतजाम लागू कर दिए गए हैं, कई सड़कें बंद हैं, सार्वजनिक परिवहन ठप है और इंटरनेट व मोबाइल नेटवर्क पर कड़ी पाबंदियाँ लगी हुई हैं। कई एयरलाइंस ने ईरान आने-जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी हैं या सीमित कर दी हैं, जिससे हवाई यात्रा के विकल्प बेहद कम हो गए हैं।

अलर्ट में साफ कहा गया कि अभी ईरान छोड़ दें और वहाँ से निकलने के लिए ऐसी योजना बनाएँ, जो अमेरिकी सरकार की मदद पर निर्भर न हो। इसके साथ ही अमेरिकी नागरिकों को इराक, अफगानिस्तान या ईरान-पाकिस्तान सीमा की ओर यात्रा न करने की सख्त सलाह दी गई है।

चेतावनी में कहा गया कि अमेरिकी सरकार और ईरानी शासन के बीच दुश्मनी के कारण अमेरिकी नागरिकों को मनमाने ढंग से पूछताछ, गिरफ्तारी और लंबे समय तक हिरासत में लिए जाने का खतरा बढ़ गया है, खासकर तब जब वे अमेरिकी पासपोर्ट दिखाते हैं या अमेरिका से जुड़े होने के संकेत देते हैं।

केवल ईरानी पासपोर्ट का ही करें इस्तेमाल, निकलने के बताए रास्ते

अलर्ट में यह भी याद दिलाया गया कि ईरान दोहरी नागरिकता को मान्यता नहीं देता, जिससे अमेरिका और ईरान दोनों की नागरिकता रखने वाले लोगों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। ऐसे लोगों को सलाह दी गई है कि देश छोड़ते समय केवल अपना ईरानी पासपोर्ट ही इस्तेमाल करें।

अलर्ट में अमेरिकी नागरिकों को जमीनी रास्तों से ईरान छोड़ने के विकल्पों पर विचार करने की सलाह दी गई और बताया गया कि 5 फरवरी तक की स्थिति के अनुसार, आर्मेनिया के साथ अगारक/नॉर्डुज सीमा चौकी खुली है। वहीं तुर्की के साथ ईरान की जमीनी सीमा चौकियाँ भी खुली हैं।

तुर्कमेनिस्तान के साथ ईरान की जमीनी सीमाएँ भी खुली हैं, लेकिन वहाँ पहुँचने से पहले अमेरिकी नागरिकों को तुर्कमेनिस्तान सरकार से विशेष अनुमति लेनी होगी। अलर्ट में यह भी बताया गया कि अजरबैजान की ओर से ईरान के लिए जमीनी सीमाएँ फिलहाल आने-जाने के लिए बंद हैं।

गौरतलब है कि अमेरिकी सरकार ने जनवरी से ही अपने नागरिकों को ईरान छोड़ने की सलाह दे रखी है। ताजा अलर्ट उसी चेतावनी को दोबारा याद दिलाता है, जिसमें मौजूदा तनाव और अस्थिर हालात के बीच अपनी सुरक्षा के लिए जल्द से जल्द देश छोड़ने का आग्रह किया गया है।