पंजाब के तरनतारन स्थित लॉ कॉलेज में सोमवार (9 फरवरी 2026) को एक छात्र द्वारा क्लासरूम में एक 20 वर्षीय छात्रा की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपित छात्र ने एक सेकेंड बाद ही खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। मृतका लॉ कॉलेज में फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट थी और आरोपित छात्र प्रिंसराज सिंह भी उसके साथ ही पढ़ता था।
घटना के बाद पुलिस ने लॉ कॉलेज को सील कर दिया है और हत्या के कारणों की जाँच की जा रही है। इस हत्या से जुड़ा CCTV सामने आया है जिसमें आरोपित छात्रा के पास जाकर पहले उससे बात करता दिखा। कुछ ही देर में उसने छात्रा को गोली मारी जिससे वह तुरंत नीचे गिर पड़ी। अगले ही पल खुद की कनपटी पर भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस दौरान क्लास में अन्य छात्र-छात्राएँ भी मौजूद थे, जो हक्का-बक्का रह गए।
"क्लास रूम में मर्डर.. फिर सुसाइड.."
— Vivek K. Tripathi (@meevkt) February 9, 2026
दिल दहला देने वाला ये वीडियो पंजाब के एक लॉ कॉलेज का है.. क्लासरूम में दो छात्राएं हैं.. एक बैठी है, दूसरी उसके बगल में खड़ी है.. सामने एक युवक खड़ा है.. छात्राओं की तरफ पीठ करके.. युवक के पास एक नीले रंग का बैग है जिसमें से वो कुछ निकालता… pic.twitter.com/g3no0VWVpz
यह घटना एकतरफा प्रेम से जुड़ी मानी जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस को आशंका है कि युवक ने वेलेंटाइन वीक के दौरान 8 फरवरी को छात्रा को प्रपोज किया था लेकिन छात्रा ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया। जब छात्रा ने सहमति नहीं दी तो युवक ने उसकी हत्या कर दी। हालाँकि, घटना की सही वजह अभी तक सामने नहीं आई है।
घटना के बाद मौके पर पहुँचे लड़की के परिजन ने कॉलेज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यहाँ कोई सुरक्षा नहीं है। मृतका की माँ ने कहा कि उन्हें बताया गया था कि स्कूल में उनकी बेटी का छोटा सा झगड़ा हो गया है जिसमें उसका सिर फट गया है। हालाँकि, जब वह वहाँ पहुँचे तो लड़की की मौत हो चुकी थी। वहीं, पुलिस ने कहा कि जाँच चल रही है कि लड़का बंदूक कहाँ से लाया था और क्या उसके पिता के पास लाइसेंसी पिस्टल है।

