CM हिमंता ने गोगोई-बघेल समेत 3 कॉन्ग्रेस नेताओं पर ठोका ₹500 करोड़ का मानहानि केस, जमीन कब्जे को लेकर झूठे आरोप लगाने का दावा

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने 500 करोड़ रुपए की माँग करते हुए तीन कॉन्ग्रेस नेताओं के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है। इन नेताओं में कॉन्ग्रेस नेता जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल और असम कॉन्ग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के खिलाफ यह केस दायर किया है। सरमा ने दावा किया है कि इन नेताओं ने उनकी जमीन से जुड़े मामले में झूठे और दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाए हैं।

सरमा ने X पर एक पोस्ट में लिखा, “आज मैंने कॉन्ग्रेस नेताओं जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल और गौरव गोगोई के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है, जिसमें मैंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मेरे खिलाफ झूठे, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक आरोप लगाने के लिए ₹500 करोड़ के हर्जाने की माँग की है।”

गौरतलब है कि पिछले हफ्ते गौरव गोगोई ने दावा किया था कि सरमा और उनके परिवार के सदस्यों ने राज्यभर में करीब 12 हजार बीघा जमीन पर कब्जा किया हुआ है। गोगोई के आरोपों के कुछ ही घंटों बाद मुख्यमंत्री सरमा ने साफ कर दिया था कि वे बिना सबूत लगाए गए आरोपों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।