उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 23 साल की युवती करिश्मा वर्मा ने आत्महत्या कर ली। शुरुआती जाँच में सामने आया कि पैसों के लेनदेन को लेकर करिश्मा का दोस्तों से विवाद चल रहा है। उन्होंने करिश्मा के 25-30 लाख रुपए हड़पे और बाद में SC/ST एक्ट के तहत शिकायत दर्ज करवा दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार (14 फरवरी 2026) को वेव सिटी थाना क्षेत्र की रहने वाली करिश्मा ने सलफास खा लिया। परिजन गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुँचे। इलाज के दौरान अगले दिन रविवार (15 फरवरी 2026) को करिश्मा की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है।
मृतका करिश्मा के पिता पवन वर्मा ने उसकी बचपन की दोस्त शिवांगी पर अपनी भाभी सपना, एक दोस्त राहुल और दिल्ली के युवक राहुल जैन पर आरोप लगाया है। आरोप है कि इन लोगों ने बहला-फुसलाकर करिश्मा के बैंक खाते से 25 से 30 लाख रुपए निकाल लिए। दैनिक भास्कर से पिता ने बताया कि यह रकम बेटी की शादी के लिए जोड़ी थी। आरोपितों ने डबल करने का झाँसा दिया था।
पिता ने कहा कि जब करिश्मा ने यह रकम वापस माँगी, तो उसे मानसिक तौर पर टॉर्चर और ब्लैकमेल किया गया। तनाव के चलते करिश्मा को आत्महत्या का कदम उठाना पड़ा। पिता ने बताया कि 7 महीने पहले भी करिश्मा ने आत्महत्या का प्रयास किया था। तब भी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मामला कोर्ट में लंबित है।
वहीं पुलिस ने बताया कि शुरुआती जाँच से पता चलता है कि दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपित पक्ष ने SC/ST एक्ट के तहत शिकायत दर्ज कराई है।

