अब एलियंस के छिपे राज आएँगे सामने, अमेरिका जारी करेगा UFO-UAP से जुड़ी फाइलें: ट्रंप ने रक्षा विभाग को दिए आदेश

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार (19 फरवरी 2026) को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए घोषणा की है कि वह एलियंस, अंतरिक्ष के जीवन और यूएफओ (UFO) से संबंधित सभी सरकारी फाइलों को सार्वजनिक करने का निर्देश दे रहे हैं।

ट्रंप ने बताया कि इस विषय पर लोगों की जबरदस्त रुचि को देखते हुए वे रक्षा सचिव (पेंटागन प्रमुख) और अन्य एजेंसियों को इन दस्तावेजों की पहचान करने और उन्हें जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दे रहे हैं। दशकों से अमेरिका में एलियंस और नेवादा के रहस्यमयी ‘एरिया 51’ एयर बेस को लेकर चल रही अटकलों के बीच यह ट्रंप का सबसे बड़ा फैसला माना जा रहा है।

खुफिया फाइलों को खोजने और जारी करने का निर्देश

ट्रंप ने अपने पोस्ट में साफ किया कि वे पेंटागन प्रमुख पीट हेगसेथ और अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दे रहे हैं कि वे एलियन, ‘अज्ञात हवाई घटनाओं’ (UAP) और ‘उड़न तस्तरियों’ (UFO) से जुड़ी हर जानकारी जुटाएँ।

ट्रंप के मुताबिक, इन फाइलों में इन जटिल लेकिन बेहद महत्वपूर्ण विषयों से जुड़ी हर तरह की जानकारी शामिल होनी चाहिए। हालाँकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि कितनी जानकारी गोपनीय रखी जाएगी, लेकिन उन्होंने इसे सार्वजनिक करने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है।

बराक ओबामा पर गोपनीय जानकारी देने का आरोप

इस फैसले के साथ ही ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा पर भी निशाना साधा। ट्रंप ने दावा किया कि ओबामा ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में एलियंस के अस्तित्व को लेकर गोपनीय जानकारी उजागर कर बड़ी गलती की है।

दरअसल, ओबामा ने इंटरव्यू में कहा था कि ब्रह्मांड विशाल है और जीवन की संभावना अधिक है, लेकिन उन्हें अपने कार्यकाल में इसका कोई सबूत नहीं मिला और न ही ‘एरिया 51’ में कोई एलियन है। ट्रंप ने ओबामा के इस बयान को ‘गलती’ बताया, हालांकि वे खुद एलियंस की सच्चाई को लेकर अपनी राय पर चुप रहे और सिर्फ इसे दुनिया के सामने लाने की बात कही।

क्या वाकई ‘एरिया 51’ में छिपे हैं राज?

नेवादा का ‘एरिया 51’ लंबे समय से चर्चा में रहा है, जहाँ लोग एलियंस को छिपाकर रखे जाने का दावा करते हैं। हालाँकि, मार्च 2024 में पेंटागन ने एक रिपोर्ट में कहा था कि उनके पास एलियन तकनीक का कोई सबूत नहीं है और आसमान में दिखने वाली अजीब चीजें अक्सर मौसम के गुब्बारे या जासूसी विमान होते हैं। अब ट्रंप के इस नए आदेश के बाद दुनिया भर के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं की नजरें उन फाइलों पर टिक गई हैं, जो सालों से बंद दरवाजों के पीछे छिपी थीं।