रमजान में मुस्लिमों को एक घंटे पहले नहीं मिलेगी छुट्टी, छत्तीसगढ़ सरकार ने अटकलों पर लगाया विराम: अल्पसंख्यक विभाग ने जारी किया लेटर

छत्तीसगढ़ में रमजान के दौरान मुस्लिम कर्मचारियों को एक घंटे पहले कार्यालय छोड़ने की अनुमति की अफवाहों पर विराम लग गया है। छत्तीसगढ़ मुस्लिम वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज ने सरकार के इस कथित फैसले पर एक पत्र जारी कर सीएम विष्णुदेव साय का आभार जताया था। इसके बाद अल्पसंख्यक विभाग ने शुक्रवार (20 फरवरी 2026) को लेटर जारी कर इन खबरों को पूरी तरह भ्रामक और निराधार करार दिया।

पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया कि रमजान के दौरान मुस्लिम कर्मचारियों को एक घंटे पहले कार्यालय छोड़ने को लेकर कोई नया आदेश या निर्देश जारी नहीं किया गया है। विभाग ने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया में प्रसारित खबरें आधारहीन हैं और विभाग की ओर से ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

यह पत्र संयुक्त सचिव द्वारा जारी किया गया है। वहीं, इस पूरे मामले पर सलीम राज ने सफाई देते हुए कहा कि उनका पत्र वर्ष 2005 में लिए गए फैसले के संदर्भ में था। उन्होंने बताया कि 2005 में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत रमजान के महीने में मुस्लिम शासकीय कर्मचारियों को एक घंटे पहले कार्यालय छोड़ने की अनुमति दी गई थी।

उनका कहना है कि इस फैसले में अब तक कोई बदलाव नहीं हुआ है और वर्तमान में राज्य में विष्णुदेव साय की सरकार है, इसलिए उन्होंने उनका आभार व्यक्त किया।