IPL के बाद अब ‘The Hundred’ लीग से भी पाकिस्तान की छुट्टी, भारतीय मालिकों ने दिखाया ठेंगा: नहीं मिल रहा कोई खरीदार

द हंड्रेड (The Hundred) 2026 के ऑक्शन से पहले पाकिस्तानी क्रिकेटरों के लिए बुरी खबर आ रही है। इस बार नीलामी में पाकिस्तान के खिलाड़ियों को कई टीमें नजरअंदाज कर सकती हैं। खास तौर पर उन टीमों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से दूरी बनाने का मन बनाया है, जिनके मालिक भारतीय कंपनियाँ या IPL फ्रेंचाइजी हैं।

माना जा रहा है कि मैनचेस्टर सुपर जायंट्स, MI लंदन, सदर्न ब्रेव और सनराइजर्स लीड्स जैसी टीमें इस बार पाकिस्तानी स्टार्स पर बोली नहीं लगाएँगी। इन टीमों में हाल ही में भारतीय निवेशकों ने बड़ी हिस्सेदारी खरीदी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन फ्रेंचाइजी की रणनीति में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शामिल न करने का फैसला लिया गया है। इस वजह से कई बड़े नामी खिलाड़ियों के अनसोल्ड रहने का खतरा बढ़ गया है। बता दें कि द हंड्रेड का ऑक्शन 11 और 12 मार्च को लंदन में होने वाला है।

इस नीलामी में 18 देशों के करीब 1000 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। साल 2009 के बाद से पाकिस्तानी खिलाड़ी IPL से बाहर हैं। अब IPL मालिकों का निवेश दूसरी विदेशी लीगों में भी बढ़ रहा है। यही वजह है कि वहाँ भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों के लिए रास्ते बंद होते दिख रहे हैं।