26 फरवरी को भारत आएँगे कनाडा के PM मार्क कार्नी, व्यापार से लेकर रक्षा सहयोग पर हो सकती है डील: उतार-चढ़ाव के दौर में चल रहे दोनों देशों के रिश्तों को मिलेगी मजबूती

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 26 फरवरी 2026 को भारत के दौरे पर आने वाले हैं। उनकी यह यात्रा सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया और जापान के लिए तीन देशों की इंडो-पैसिफिक दौरों का हिस्सा है, इसके तहत वह सबसे पहले भारत आएँगे।

भारत दौरे पर प्रधानमंत्री कार्नी सबसे पहले मुंबई पहुँचेंगे और फिर नई दिल्ली जाएँगे, जहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच कनाडा-भारत संबंधों को आगे बढ़ाने पर विशेष बात होगी। बातचीत में खासतौर पर ट्रेड, ऊर्जा, तकनीक, AI, प्रतिभा और संस्कृति और रक्षा सहयोग के क्षेत्र शामिल होंगे।

कनाडाई सरकार ने कहा है कि इस दौरे का लक्ष्य दोनों देशों के बीच व्यापार को मजबूत करना, नए निवेश आकर्षित करना और रणनीतिक साझेदारियों को विकसित करना है। प्रधानमंत्री कार्नी भारत में उद्यमियों से भी मिलेंगे ताकि दोनों देशों के व्यवसायों के बीच नई साझेदारी और निवेश के अवसर ढूँढे जा सकें, खासकर उन क्षेत्रों में जहाँ दोनों देशों को लाभ हो सकता है।

भारत और कनाडा के बीच पिछले कुछ समय में संबंधों में उतार-चढ़ाव भी आए हैं, लेकिन इस मुलाकात से दोनों देशों के बीच सहयोग और बातचीत को नई गति मिलने की उम्मीद है। भारत फिलहाल कनाडा का एक महत्वपूर्ण व्यापारिक भागीदार है। साल 2024 में दोनों देशों के बीच वस्तुओं और सेवाओं का द्विपक्षीय व्यापार लगभग 2.6 लाख करोड़ रुपए का सौदा हुआ।

इसके अलावा भारत और कनाडा ने साल 2025 के जी-20 सम्मेलन में एक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर बातचीत शुरू करने पर सहमति जताई थी, जिसका लक्ष्य 2030 तक व्यापार को ₹5.81 लाख करोड़ से अधिक तक बढ़ाना है। इस यात्रा में इसी तरह के समझौतों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हो सकती है।