शिवलिंग तोड़ा, मूर्तियाँ खंडित कीं और मंदिर के पास काटकर फेंक दिया बछड़ा: अलवर में गुस्साए लोगों ने किया प्रदर्शन, इलाके में तनाव

राजस्थान के अलवर में असामाजिक तत्वों ने कब्रिस्तान के पास स्थित एक प्राचीन मंदिर में तोड़फोड़ की है। मंदिर में रखे एक शिवलिंग को तोड़ दिया गया है और कई अन्य मूर्तियाँ भी खंडित कर दी गई हैं। इसके अलावा गाय के एक बछड़े को भी काटकर मंदिर के पास फेंका गया है जिसके चलते इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ दिनों पहले नंदी की मूर्ति की गर्दन टूटी मिली थी और इसके बाद भगवान गणेश की प्रतिमा की सूंड भी खंडित पाई गई। शुरुआत में लोगों को शक हुआ कि हो सकता है यह काम बंदरों द्वारा किया गया हो लेकिन इस बार शिवलिंग को पूरी तरह से पत्थर की मदद से तोड़ा गया है। शिवलिंग के पास एक टूटा पत्थर भी मिला जिससे लोगों को यह शक हुआ कि यह घटना जानबूझकर की गई है।

मूर्तियाँ तोड़ने के साथ-साथ मंदिर के करीब एक बछड़ा भी मृत मिला है, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुँचकर हंगामा किया और पुलिस से घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुँची और उन्होंने कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया है।