UP इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुरू होने वाला है। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्र लिखकर प्रदेश के युवाओं, कारोबारियों और छात्रों के नाम एक संदेश जारी किया है। 5 दिन तक चलने वाला यह आयोजन 29 सितंबर तक जारी रहेगा और इसमें ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर तथा वियतनाम जैसे देशों की भागीदारी भी देखने को मिलेगी।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने इस ट्रेड शो को केवल खरीद-बिक्री का जरिया नहीं, बल्कि यूपी की असली क्षमता को दुनिया के सामने रखने का एक बड़ा मौका बताया। उन्होंने कहा कि इसका आयोजन इस इरादे से किया जा रहा है कि सिर्फ बड़े कारोबारी की नहीं छोटे कारीगर और स्थानीय उद्यमी भी इसका हिस्सा बन सकें।
मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों,
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 21, 2026
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक मंच मिले, हमारे कारीगरों, उद्यमियों और अन्नदाताओं की मेहनत को दुनिया पहचाने, इसी… pic.twitter.com/LvEj8ZL7Hx
साल 2023 में शुरू हुआ था ट्रेड शो
2023 में शुरू हुए इस ट्रेड शो का उद्देश्य था कि यूपी में बनने वाले उत्पाद सिर्फ स्थानीय बाजार तक सीमित न रहें बल्कि राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकें। चौथे संस्करण में छोटे और मध्यम उद्योगों से लेकर बड़ी कंपनियों तक को अपने प्रोडक्ट दिखाने का मंच मिलेगा।
कृषि, हैंडलूम, टेक्सटाइल, हैंडीक्राफ्ट, फूड प्रोसेसिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, हेल्थ, फार्मा और पर्यटन जैसे कई क्षेत्रों की मौजूदगी इस बार भी रहेगी और साथ ही निवेशक, निर्यातक तथा कारोबारी प्रतिनिधि भी शो में शिरकत करेंगे।
CM बोले- ट्रेड शो युवाओं के आइडिया को सही बाजार तक पहुँचाने का माध्यम
पाती में सबसे ज्यादा फोकस युवाओं पर रहा। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि यूपी के युवाओं को सिर्फ नौकरी खोजने वाला नहीं बल्कि रोजगार पैदा करने वाला बनना चाहिए। इस क्रम में उन्होंने स्टार्टअप नीति-2026 और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का जिक्र भी किया ताकि जिन युवाओं के पास कोई हुनर, आइडिया या छोटा कारोबार है, उन्हें सही बाजार तक पहुँचाया जा सके।
दरअसल यह शो सिर्फ प्रदर्शनी भर नहीं रह जाता बल्कि खरीदार और विक्रेता सीधे आमने-सामने आते हैं। इंटरनेशनल बायर्स के अलावा घरेलू B2B और आम B2C विजिटर्स के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है।
योगी ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट को यूपी की असली ताकत बताया
उत्तर प्रदेश की पहचान महज बड़े उद्योगों से नहीं बनती, बल्कि यहाँ के हर जिले की अपनी अलग शिल्प विरासत रही है। कहीं लकड़ी का काम मशहूर है तो कहीं पीतल, कहीं चिकनकारी की बात होती है तो कहीं कालीन या मिट्टी-काँच के हुनर की।
इन्हीं स्थानीय उत्पादों को बाजार दिलाने के लिए काफी समय से ‘एक जिला, एक उत्पाद’ यानी ODOP योजना चल रही है और इस बार के ट्रेड शो में भी ODOP से जुड़े उद्यमियों और निर्यातकों को खास तवज्जो दी जा रही है। योगी ने अपने संदेश में इसी बात को यूपी की असली ताकत बताई।
‘युवा केवल घूमने नहीं कुछ सीखने और समझने आएँ’
मुख्यमंत्री ने युवाओं और छात्रों से अपील की है कि वे इस शो में सिर्फ घूमने नहीं बल्कि सीखने आएँ, नए बाजारों को समझें, कारोबारियों से मुलाकात करें और अपने हुनर के हिसाब से मौके तलाशें। आखिर कई बार बड़े कारोबार की नींव भी किसी छोटी सी मुलाकात, एक खरीदार से हुई बातचीत या बाजार की किसी जरूरत को वक्त रहते समझ लेने से ही पड़ती है।
UPITS 2026 को आधिकारिक तौर पर उत्तर प्रदेश को एक ग्लोबल सोर्सिंग हब बनाने की दिशा में अहम कदम बताया जा रहा है जहाँ देश-विदेश के खरीदार, निवेशक और कारोबारी अलग-अलग सेक्टरों से जुड़ेंगे।
संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं और उद्यमियों की मेहनत को विकसित उत्तर प्रदेश और एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य से जोड़ते हुए आगे बढ़ने की बात कही है। अब देखना यह है कि 25 सितंबर से शुरू हो रहा यह 5 दिवसीय आयोजन जमीनी स्तर पर स्थानीय उत्पादों, छोटे कारोबारियों और नए उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने में कितना कामयाब साबित होता है।

